रायपुर: छत्तीसगढ़ में मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है। जहां एक ओर लोग तेज गर्मी से परेशान थे, वहीं अब बारिश और बादलों की वजह से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश के कुछ हिस्सों में आज हल्की बारिश के साथ गरज-चमक देखने को मिल सकती है।
इसके साथ ही कई इलाकों में तेज अंधड़, वज्रपात और ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि यह बदलाव 4 अप्रैल तक जारी रह सकता है, जिससे दिन के तापमान में हल्की गिरावट आएगी और गर्मी से कुछ राहत मिलेगी।
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के अनुसार, इस बदलाव के पीछे कई सक्रिय मौसम प्रणालियां जिम्मेदार हैं। उत्तर ईरान और कैस्पियन सागर के ऊपर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जो ऊपरी हवा में चक्रवाती परिसंचरण के रूप में असर डाल रहा है। इसके अलावा, पंजाब-हरियाणा क्षेत्र में एक प्रेरित चक्रवात बना हुआ है और उत्तर प्रदेश से होते हुए मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ तक एक लंबी द्रोणिका फैली हुई है।
पूर्वी भारत में भी मौसम की हलचल जारी है। बिहार से लेकर मणिपुर तक फैली एक द्रोणिका, बांग्लादेश और पूर्वोत्तर राज्यों से गुजरते हुए सक्रिय बनी हुई है। वहीं विदर्भ से तमिलनाडु और बिहार से पश्चिम बंगाल तक भी अलग-अलग द्रोणिकाएं प्रभावी हैं। इन सभी कारणों से छत्तीसगढ़ में मौसम अस्थिर बना हुआ है।
रायपुर का आज का मौसम
राजधानी रायपुर में आज आसमान ज्यादातर साफ रहने की संभावना है। हालांकि गर्मी बरकरार रहेगी। अधिकतम तापमान लगभग 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।







