बिलासपुर शिक्षा विभाग में बड़ा घोटाला? 30 लाख के भत्ते पर उठे सवाल

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

बिलासपुर:शिक्षा विभाग एक बार फिर विवादों में घिरता नजर आ रहा है। इस बार मामला कथित वित्तीय अनियमितताओं और प्रशासनिक गड़बड़ियों से जुड़ा है, जिसने विभाग की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अंकित गौरहा ने जिला शिक्षा विभाग के कुछ अधिकारियों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए प्रमुख सचिव को लिखित शिकायत सौंपी है। शिकायत में प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी विजय टांडे और स्थापना शाखा में पदस्थ जूनियर ऑडिटर सुनील यादव के नाम शामिल हैं।

अंकित गौरहा का आरोप है कि विभाग में न सिर्फ वित्तीय गड़बड़ी हुई है, बल्कि अनुकंपा नियुक्तियों में भी नियमों को दरकिनार किया गया। साथ ही युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया में भी पारदर्शिता की कमी और नियमों की अनदेखी के आरोप लगाए गए हैं।

सबसे बड़ा आरोप यह है कि सितंबर 2024 से फरवरी 2025 के बीच, विभाग के एक कर्मचारी देवेंद्र कुमार फाल्के को “अन्य भत्ता” और “वर्दी धुलाई भत्ता” के नाम पर करीब 30 लाख रुपये का भुगतान किया गया। इस भुगतान को लेकर अब सवाल उठ रहे हैं कि आखिर इतनी बड़ी राशि किस आधार पर स्वीकृत की गई।

अंकित गौरहा का कहना है कि संबंधित अधिकारी के खिलाफ पहले से भी जांच चल रही है, ऐसे में पद पर बने रहने से जांच प्रभावित हो सकती है। उन्होंने मांग की है कि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए आरोपी अधिकारी को तत्काल निलंबित किया जाए।

अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और क्या इन आरोपों की निष्पक्ष जांच हो पाती है या नहीं।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment