उदयपुर पैलेस में तैनात CAF जवान ने खुद को मारी गोली

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

खैरागढ़: छुईखदान क्षेत्र के उदयपुर स्थित राजपरिवार के पैलेस से सोमवार शाम एक बेहद दुखद खबर सामने आई। यहां सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) के एक जवान ने खुद को गोली मारकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।

मृतक की पहचान कृपाचंद सोनवानी (38 वर्ष) के रूप में हुई है, जो CAF की छठवीं बटालियन में कार्यरत थे और मूल रूप से भिलाई के रहने वाले थे।

बताया जा रहा है कि घटना शाम करीब 5:30 से 6 बजे के बीच की है। उस समय कृपाचंद पैलेस परिसर में अपनी नियमित ड्यूटी निभा रहे थे। तभी अचानक गोली चलने की तेज आवाज सुनाई दी, जिससे वहां मौजूद अन्य जवानों में अफरा-तफरी मच गई।

जब साथी जवान मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने कृपाचंद को खून से लथपथ जमीन पर गिरा हुआ पाया। उन्होंने अपनी ही सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली थी। तत्काल उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दरअसल, पूर्व विधायक देवव्रत सिंह के निधन के बाद से राजपरिवार में चल रहे विवाद के कारण उदयपुर पैलेस और कमल विलास पैलेस को प्रशासन द्वारा सील किया गया है। इन परिसरों की सुरक्षा के लिए CAF जवानों की तैनाती की गई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कृपाचंद हाल ही में छुट्टी से वापस ड्यूटी पर लौटे थे। उनके साथियों का कहना है कि वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में नजर आ रहे थे। हालांकि, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे आत्महत्या के पीछे के कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाए हैं।

मामले की पुष्टि पुलिस महानिरीक्षक बालाजीराव सोमावर ने की है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और जवान के साथियों व अधिकारियों से पूछताछ की जा रही है।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। इसके बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment