होली के बाद फिर गूंजेगा विधानसभा सदन, दुर्ग की अफीम खेती पर सियासी घमासान

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर। होली की छुट्टियों के बाद सोमवार से छत्तीसगढ़ विधानसभा की कार्यवाही एक बार फिर शुरू हो रही है। माना जा रहा है कि आज का दिन राजनीतिक रूप से काफी अहम रहने वाला है, क्योंकि दुर्ग में एक भाजपा नेता के खेत में कथित तौर पर अफीम की खेती का मामला सदन में जोर पकड़ सकता है। विपक्ष इस मुद्दे को लेकर सरकार पर हमला बोलने की तैयारी में है और इसे लेकर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लाने की संभावना भी जताई जा रही है।

आज की कार्यवाही के दौरान अलग-अलग विभागों से जुड़े कई विषयों पर चर्चा होने वाली है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित कई मंत्री सदन में मौजूद रहेंगे। इस दौरान मंत्री केदार कश्यप, दयालदास बघेल और रामविचार नेताम अपने-अपने विभागों से जुड़े अहम दस्तावेज और प्रतिवेदन सदन के पटल पर रखेंगे।

विधानसभा में आज से विभिन्न विभागों की अनुदान मांगों पर चर्चा भी शुरू होने जा रही है। इस दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा भी विभागीय विषयों पर चर्चा में हिस्सा लेंगे।

ध्यानाकर्षण प्रस्ताव से उठेंगे स्थानीय मुद्दे

सदन की कार्यवाही के दौरान दो ध्यानाकर्षण प्रस्ताव भी पेश किए जाएंगे। पंडरिया से विधायक भावना बोहरा और जांजगीर-चांपा से विधायक ब्यास कश्यप अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े जनहित के मुद्दों को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित करेंगे।

इसके अलावा विधानसभा की सभापति गोमती साई द्वारा भी विभिन्न समितियों के प्रतिवेदन सदन में प्रस्तुत किए जाएंगे।

राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि दुर्ग में सामने आए अफीम खेती के मामले को लेकर आज सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिल सकती है। ऐसे में आज की विधानसभा कार्यवाही प्रदेश की राजनीति के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment