छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में सोमवार रात एक बड़ी सुरक्षा चूक सामने आई है। गांधीनगर थाना क्षेत्र में स्थित प्लेस ऑफ सेफ्टी (बालक संस्था) से 15 अपचारी किशोर फरार हो गए। घटना रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, फरार होने से पहले किशोरों ने ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड को काबू में कर लिया और उसके साथ मारपीट की। हमले में गार्ड घायल हो गया। इसके बाद सभी किशोर मौके से भाग निकले।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 15 में से 5 किशोरों को पकड़ लिया है, लेकिन 10 अब भी फरार हैं। उनकी तलाश में शहर और आसपास के इलाकों में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, इस संस्था में हत्या, दुष्कर्म, चोरी और मारपीट जैसे गंभीर आरोपों में शामिल किशोरों को रखा जाता है। ऐसे में इस घटना ने संस्था की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
हाल ही में रायपुर जिले के माना स्थित बाल सुधार गृह से भी 10 अपचारी किशोर फरार हो गए थे। हालांकि उस मामले में पुलिस ने बाद में सभी को पकड़ लिया था।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से बाल सुधार गृहों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर चिंता जताई जा रही है।
जांच जारी
अंबिकापुर मामले में पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फरार किशोरों की तलाश में अलग-अलग टीमें जुटाई गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही बाकी सभी को भी हिरासत में ले लिया जाएगा।






