वर्दी में दाग: रायपुर में आरक्षक बना ड्रग्स सप्लायर, मर्सिडीज में करता था हेरोइन की डिलीवरी

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

रायपुर।राजधानी रायपुर से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पुलिस विभाग की साख पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। जिस जवान के कंधों पर कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी थी, वही कथित तौर पर नशे के कारोबार में लिप्त पाया गया।

पुलिस ने आरक्षक हिमांशु बर्मन को हेरोइन की सप्लाई करते हुए गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद जो खुलासे हुए, वे और भी चौंकाने वाले हैं।

 बैंक खाते में सीधे लेता था ड्रग्स का पैसा

जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी डिलीवरी के बाद रकम सीधे अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करवाता था। यही लेन-देन उसके लिए शक की वजह बना।

मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने टिकरापारा इलाके में दबिश दी। तलाशी के दौरान उसकी कार से करीब एक ग्राम हेरोइन बरामद की गई। मौके पर ही उसे हिरासत में ले लिया गया।

 कार्रवाई टीम से तस्करों तक का सफर

बताया जा रहा है कि आरोपी करीब डेढ़ साल से आमानाका थाना में पदस्थ था। विडंबना यह है कि वह पहले ड्रग्स से जुड़े मामलों की कार्रवाई करने वाली टीम का हिस्सा भी रह चुका है।

इसी दौरान उसका संपर्क कथित तस्करों से हुआ और धीरे-धीरे वह खुद इस नेटवर्क का हिस्सा बन गया। पूछताछ में उसने चार बार ड्रग्स सप्लाई करने की बात स्वीकार की है।

 आलीशान लाइफस्टाइल ने पहले ही खड़े किए थे सवाल

शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी के पास करोड़ों की संपत्ति, मर्सिडीज सहित कई महंगी गाड़ियां और लग्जरी जीवनशैली के संकेत मिले हैं।

सोशल मीडिया पर वह महंगी कारों के साथ तस्वीरें साझा करता था। उसकी जीवनशैली को लेकर पहले भी चर्चा होती रही, लेकिन अब इन संसाधनों के स्रोत पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

 विभाग में हड़कंप, नेटवर्क की जांच शुरू

एक पुलिसकर्मी के इस तरह कथित रूप से नशे के कारोबार में शामिल होने से विभाग में हलचल मच गई है। अब यह भी जांच की जा रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग जुड़े हो सकते हैं।

वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले की विस्तृत जांच के संकेत दिए हैं।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment