Playback Singing को अलविदा: अरिजीत सिंह के फैसले से इंडस्ट्री और फैंस हुए भावुक

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

मुंबई।बॉलीवुड और भारतीय म्यूजिक इंडस्ट्री की सबसे भरोसेमंद और भावनात्मक आवाज़ माने जाने वाले अरिजीत सिंह ने प्लेबैक सिंगिंग से दूरी बनाने का ऐलान कर दिया है। जिस दौर में उनके गाने लगातार चार्ट्स पर छाए हुए हैं, उसी बीच आया यह फैसला फैंस और फिल्म इंडस्ट्री—दोनों के लिए चौंकाने वाला साबित हुआ है।

सोशल मीडिया पर खुद दी जानकारी

अरिजीत सिंह ने अपने निजी सोशल मीडिया अकाउंट्स—X (पूर्व में ट्विटर) और इंस्टाग्राम—पर पोस्ट साझा कर यह साफ किया कि अब वह प्लेबैक सिंगर के रूप में कोई नया प्रोजेक्ट स्वीकार नहीं करेंगे। पोस्ट में उन्होंने अपने श्रोताओं और चाहने वालों को वर्षों तक मिले प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद भी कहा।

फैसले के पीछे क्या वजह?

अपने संदेश में अरिजीत ने बताया कि यह निर्णय किसी एक कारण का नतीजा नहीं है। उन्होंने लिखा कि वह खुद को बार-बार दोहराने से बचना चाहते हैं और अब म्यूजिक में कुछ नया तलाशने का समय आ गया है।

उनका कहना था कि स्टेज पर एक ही गीत को अलग-अलग अंदाज़ में पेश करना उन्हें पसंद है, लेकिन अब वे नए कलाकारों को आगे बढ़ते देखना चाहते हैं और उनसे सीखना भी चाहते हैं।

फैंस के लिए भावुक संदेश

अरिजीत ने अपने पोस्ट में लिखा—

“नए साल की आप सभी को शुभकामनाएं। इतने सालों तक आपने जो प्यार दिया, उसके लिए दिल से शुक्रिया। खुशी के साथ बता रहा हूं कि अब मैं प्लेबैक सिंगिंग में नए असाइनमेंट नहीं लूंगा। यह सफर मेरे लिए बेहद खास रहा है।”

इसके बाद सोशल मीडिया पर फैंस की भावुक प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। कई लोगों ने इसे म्यूजिक इंडस्ट्री के लिए एक युग के अंत जैसा बताया।

म्यूजिक से नहीं लेंगे संन्यास

हालांकि अरिजीत सिंह ने यह भी स्पष्ट किया कि वे संगीत से पूरी तरह दूर नहीं हो रहे हैं। पहले से किए गए कुछ कमिटमेंट्स के चलते आने वाले समय में उनके कुछ गाने रिलीज हो सकते हैं। इसके अलावा वे लाइव कॉन्सर्ट्स, स्टेज परफॉर्मेंस और इंडिपेंडेंट म्यूजिक प्रोजेक्ट्स में सक्रिय रहेंगे।

‘मातृभूमि’ माना जा रहा आखिरी प्लेबैक सॉन्ग

सलमान खान अभिनीत फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ का गीत ‘मातृभूमि’ अरिजीत सिंह का अंतिम प्लेबैक सॉन्ग माना जा रहा है। फिलहाल उनके भविष्य की दिशा को लेकर कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment