ट्रंप सरकार के एक साल पूरे होते ही भड़का अमेरिका, सड़कों पर उतरे हजारों लोग

Madhya Bharat Desk
4 Min Read

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल का पहला वर्ष पूरा होते ही अमेरिका में विरोध की लहर तेज हो गई है। सरकार की वर्षगांठ के दिन जहां ट्रंप व्हाइट हाउस में अपनी उपलब्धियां गिना रहे थे, वहीं देश के कई हिस्सों में उनकी नीतियों के खिलाफ बड़े पैमाने पर प्रदर्शन देखने को मिले।

राजधानी वाशिंगटन डीसी में हजारों की संख्या में लोग सड़कों पर उतरे और ट्रंप प्रशासन के फैसलों पर नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शनकारियों ने सरकार की घरेलू नीतियों से लेकर अंतरराष्ट्रीय फैसलों तक को कठघरे में खड़ा किया। वाशिंगटन के अलावा अन्य राज्यों में भी विरोध प्रदर्शनों की तैयारी और आयोजन की खबरें सामने आई हैं।

 ट्रंप की नीतियों पर उठे सवाल

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि बीते एक साल में ट्रंप सरकार ने अमेरिका की वैश्विक साख को नुकसान पहुंचाया है। एक प्रदर्शनकारी ने आरोप लगाया कि अमेरिका ने दशकों में बनाई गई अंतरराष्ट्रीय सद्भावना को खुद ही कमजोर कर दिया और देश को अलग-थलग करने की दिशा में कदम बढ़ाए।

टैरिफ नीति बनी विरोध की बड़ी वजह

विरोध कर रहे लोगों ने ट्रंप प्रशासन की टैरिफ नीति पर भी जमकर निशाना साधा। एक प्रदर्शनकारी ने कहा कि टैरिफ जैसी नीतियां अमेरिका के लिए घातक साबित हो रही हैं और सरकार ने पुराने सहयोगी देशों के साथ रिश्तों में दरार डाल दी है। उनका कहना था कि राष्ट्रपति ट्रंप को न तो आम अमेरिकी नागरिकों की चिंता है और न ही वैश्विक स्थिरता की।

 घरेलू और अंतरराष्ट्रीय फैसलों पर नाराजगी

प्रदर्शन के दौरान कई लोगों ने सामाजिक, राजनीतिक और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों को लेकर भी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बीते एक साल में कई योजनाएं, सेवाएं, आज़ादी से जुड़े अधिकार और समुदाय सीधे तौर पर प्रभावित हुए हैं। कुछ मामलों में इन नीतियों की वजह से जानमाल के नुकसान का भी आरोप लगाया गया।

प्रदर्शन में प्रतीकात्मक कठपुतलियों (पपेट्स) का इस्तेमाल किया गया, जिनके जरिए यह संदेश देने की कोशिश की गई कि अमेरिका में न तो किसी राजा की जगह है और न ही तानाशाही की। प्रदर्शनकारियों ने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का प्रतीक बताया।

 ट्रंप ने अपने कार्यकाल को बताया ऐतिहासिक

वहीं, व्हाइट हाउस में आयोजित प्रेस ब्रीफिंग में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने एक साल के शासन को “अद्भुत” करार दिया। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने सैन्य, कूटनीतिक और वैश्विक संघर्षों को खत्म करने के मामले में ऐतिहासिक काम किया है। ट्रंप ने कहा कि उनकी उपलब्धियां इतनी हैं कि उन्हें गिनाने में एक हफ्ता भी कम पड़ सकता है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment