रायपुर नगर निगम का विस्तार: 17 गांव होंगे शहर का हिस्सा, मिलेंगी आधुनिक शहरी सुविधाएं

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

रायपुर। राजधानी रायपुर के शहरी विस्तार को नई दिशा देने की तैयारी तेज हो गई है। नगर निगम रायपुर की सीमा में 17 आसपास के गांवों को शामिल करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसके लागू होने के बाद ये गांव भी शहर का हिस्सा बन जाएंगे और यहां रहने वाले नागरिकों को नगर निगम की सभी मूलभूत और आधुनिक सुविधाएं मिल सकेंगी।

नगर निगम सीमा से लगे काठाडीह, कांदुल, दतरेंगा, डोमा, बोरियाकला, सेजबहार, मुजगहन, टेमरी धरमपुरा, सेरीखेड़ी, तुलसी बराडेरा, पिरदा, सकरी, धनसूली, नरदहा, सेमरिया, बरौदा और परसुलीडीह को निगम क्षेत्र में शामिल किया जाएगा। इस कदम से रायपुर का विकास अधिक संतुलित, सुनियोजित और व्यवस्थित रूप में हो सकेगा।

शहरी सुविधाओं का होगा विस्तार

इन गांवों के नगर निगम में शामिल होते ही सड़क निर्माण, नियमित पेयजल आपूर्ति, सीवरेज व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, सार्वजनिक परिवहन और स्वच्छता सेवाओं का विस्तार किया जाएगा। अब तक अव्यवस्थित रूप से फैल रहे क्षेत्रों को योजनाबद्ध विकास से जोड़ा जाएगा, जिससे भविष्य में शहरीकरण की समस्याओं से बचा जा सके।

घर-घर पहुंचेगी कचरा गाड़ी

निगम सीमा में आने के बाद गांवों में घर-घर कचरा संग्रहण की सुविधा शुरू होगी। हर सुबह कचरा गाड़ियां घरों तक पहुंचेंगी। इसके साथ ही पक्की और चौड़ी सड़कों का निर्माण, निगम स्तरीय कचरा निपटान व्यवस्था और स्वच्छता सेवाएं लागू की जाएंगी।

नियोजित विकास पर रहेगा फोकस

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, नए क्षेत्रों के लिए मास्टर प्लान के तहत आवासीय, व्यावसायिक और सार्वजनिक उपयोग की भूमि तय की जाएगी। ट्रैफिक प्रबंधन, जल निकासी और पर्यावरण संतुलन को ध्यान में रखते हुए विकास योजनाएं तैयार होंगी, ताकि अनियंत्रित शहरीकरण से बचा जा सके।

ग्रामीणों को मिलेंगे सीधे नागरिक लाभ

निगम सीमा में आने से ग्रामीणों को जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, भवन अनुमति, कर भुगतान सहित कई सेवाएं सीधे नगर निगम से मिलेंगी। बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर के चलते जमीन और मकानों के दाम बढ़ेंगे। शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे, जिससे जीवन स्तर में सुधार आएगा।

महापौर मीनल चौबे ने कहा कि रायपुर प्रदेश की राजधानी है और राजधानी के अनुरूप आसपास के क्षेत्रों का विकास जरूरी है। 17 गांवों के जुड़ने से नगर निगम क्षेत्र धीरे-धीरे महानगर निगम की ओर अग्रसर होगा और इन गांवों का विकास भी शहर के अनुरूप किया जाएगा।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment