रायपुर।CAF भर्ती वर्ष 2018 की वेटिंग सूची में शामिल अभ्यर्थियों का सब्र अब जवाब देने लगा है। बीते 7 वर्षों से नियुक्ति आदेश की मांग कर रहे अभ्यर्थियों ने अब सीधे माननीय गृह मंत्री, छत्तीसगढ़ शासन से शांति वार्ता की अनुमति मांगी है। इस संबंध में CAF भर्ती 2018 के वेटिंग अभ्यर्थियों ने रायपुर कलेक्टर को आवेदन सौंपते हुए 13 जनवरी 2026 को शांतिपूर्ण प्रदर्शन एवं ज्ञापन सौंपने की अनुमति देने की मांग की है।
अभ्यर्थियों का कहना है कि वे पिछले कई वर्षों से न्यायालय, शासन, प्रशासन और मंत्रालय स्तर पर लगातार आवेदन, ज्ञापन और पत्राचार करते आ रहे हैं, लेकिन आज तक नियुक्ति को लेकर कोई ठोस एवं लिखित आदेश जारी नहीं किया गया। इस लंबे इंतजार ने उनके भविष्य और परिवार की आर्थिक-सामाजिक स्थिति को गंभीर रूप से प्रभावित किया है।
CAF भर्ती 2018 के वेटिंग अभ्यर्थियों ने बताया कि वे 22 दिसंबर 2025 से परिवार सहित अनिश्चितकालीन शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके बावजूद अब तक शासन की ओर से न तो कोई औपचारिक संवाद हुआ है और न ही समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल दिखाई दी है।
ऐसी परिस्थितियों में अभ्यर्थियों ने अपने संवैधानिक और लोकतांत्रिक अधिकारों का हवाला देते हुए स्पष्ट किया है कि वे पूरी तरह शांतिपूर्ण, अनुशासित और कानून के दायरे में रहते हुए माननीय गृह मंत्री से शांति वार्ता कर अपनी बात सीधे रखना चाहते हैं।
अभ्यर्थियों ने प्रशासन से अपील की है कि उनके 7 वर्षों से लंबित गंभीर मामले को ध्यान में रखते हुए, उन्हें 13 जनवरी 2026 को परिवार सहित शांतिपूर्ण प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने की अनुमति प्रदान की जाए, ताकि इस लंबे समय से चले आ रहे मुद्दे का न्यायोचित समाधान निकल सके।


