इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के भागीरथपुरा इलाके में दूषित पेयजल ने महामारी जैसी भयावह स्थिति पैदा कर दी है। गंदा पानी पीने से उल्टी-दस्त का तेज़ प्रकोप फैल गया है और अब तक 3200 से अधिक लोग बीमार हो चुके हैं। हालात इतने गंभीर हैं कि एक ही परिवार के सभी सदस्य बीमारी की चपेट में आ रहे हैं।
बीमारों में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग सबसे अधिक प्रभावित हैं। कई घरों में हालात ऐसे हैं कि एक साथ चार-पांच लोग अस्पतालों में भर्ती हैं। पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
पाइपलाइन लीकेज से पानी में मिला सीवेज
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, पेयजल पाइपलाइन में लीकेज के कारण सीवेज का गंदा पानी सप्लाई लाइन में मिल गया। इससे पानी में फीकल कोलिफॉर्म जैसे खतरनाक बैक्टीरिया पाए गए, जिसने डायरिया और उल्टी-दस्त को तेजी से फैलाया।
मौतों के आंकड़ों पर विरोधाभास
मौतों के आंकड़ों को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है। सरकारी रिकॉर्ड में जहां 6 से 7 मौतों की पुष्टि की गई है, वहीं स्थानीय लोग और कुछ रिपोर्ट्स 15 से 17 लोगों की जान जाने का दावा कर रही हैं। इनमें एक 6 महीने के मासूम की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
राष्ट्रीय संस्थानों की टीमें जांच में जुटीं
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए केंद्र और राज्य स्तर की स्वास्थ्य एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। कोलकाता स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ बैक्टीरियोलॉजी, स्टेट इंटीग्रेटेड डिजीज सर्विलांस प्रोग्राम (SIDSP) और एम्स दिल्ली की विशेषज्ञ टीमें पिछले चार दिनों से भागीरथपुरा क्षेत्र में डटी हुई हैं।
टीमें पानी के नमूनों, मरीजों की मेडिकल रिपोर्ट और संक्रमण के स्रोतों की गहन जांच कर रही हैं, ताकि बीमारी के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सके और भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।
15 दिन तक क्षेत्र में रहेगी स्टेट सर्विलांस टीम
स्टेट सर्विलांस की टीम आगामी 15 दिनों तक क्षेत्र में निगरानी करेगी। टीम का फोकस यह सुनिश्चित करना है कि प्रभावित लोगों को पूरी तरह शुद्ध और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जाए। अधिकारियों का मानना है कि जब तक पानी की गुणवत्ता पूरी तरह सही नहीं होगी, तब तक मरीजों की संख्या में कमी आना मुश्किल है।
स्टेट सर्विलांस के प्रमुख डॉ. अश्विन भागवत ने बताया कि यह राज्य में पहली बार है जब किसी सीमित क्षेत्र में, इतने कम समय में इतनी बड़ी संख्या में लोग एक ही बीमारी से प्रभावित हुए हैं।







