बलरामपुर।रामचंद्रपुर थाने के समीप स्थित सरकारी स्कूल की जमीन पर वर्षों से चले आ रहे अतिक्रमण को आखिरकार प्रशासन ने हटा दिया। सोमवार को राजस्व विभाग ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई करते हुए दो अवैध मकानों को जेसीबी से गिरा दिया। कार्रवाई के दौरान माहौल तब गरमा गया, जब तीसरे मकान को हटाने की तैयारी शुरू हुई।
प्रशासनिक अमले के अनुसार, स्कूल की शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। राजस्व विभाग की ओर से अतिक्रमणकारियों को कई बार नोटिस जारी कर खुद से कब्जा हटाने का मौका भी दिया गया था, लेकिन चेतावनियों के बावजूद जमीन खाली नहीं की गई। इसके बाद तहसीलदार के नेतृत्व में बेदखली की कार्रवाई शुरू की गई।
कार्रवाई के दौरान बढ़ा तनाव
शुरुआती कार्रवाई शांतिपूर्ण रही और दो अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया। लेकिन तीसरे मकान पर जैसे ही जेसीबी आगे बढ़ी, घर के भीतर मौजूद कुछ महिलाओं ने विरोध शुरू कर दिया और कथित तौर पर पत्थरबाजी की। इससे कुछ देर के लिए स्थिति तनावपूर्ण हो गई। मौके पर तैनात पुलिस बल ने हालात को संभाला और किसी बड़ी घटना को होने से रोक लिया।
प्रशासन का स्पष्ट रुख
इस संबंध में एसडीएम आनंद नेताम ने बताया कि जिस जमीन पर कार्रवाई की गई, वह पूरी तरह शासकीय स्कूल की संपत्ति है। उन्होंने कहा कि विभाग ने कानून के तहत सभी जरूरी प्रक्रियाओं का पालन किया। बार-बार अपील और नोटिस के बावजूद अतिक्रमण न हटाए जाने पर प्रशासन को सख्त कदम उठाना पड़ा।
क्षेत्र में पुलिस तैनात
कार्रवाई के बाद एहतियात के तौर पर इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि सरकारी जमीन पर अतिक्रमण के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।







