अवैध उद्योग के खिलाफ महासमुंद में उफान पर किसान आंदोलन, प्रशासन ने दिए कड़ी कार्रवाई के आदेश

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

महासमुंद।गैर-औद्योगिक क्षेत्र में अवैध निर्माण कर रही करणी कृपा पावर प्राइवेट लिमिटेड और नूतन आयरन एवं पावर प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ छत्तीसगढ़ संयुक्त किसान मोर्चा का उग्र विरोध अब एक निर्णायक मोड़ पर पहुँच गया है। विश्व धरोहर सिरपुर की रक्षा के संकल्प के साथ आज सत्याग्रही किसान जिला जनदर्शन कार्यक्रम में पहुँचे और प्रशासन को विस्तृत आवेदन सौंपकर अवैध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की। किसानों ने आरोप लगाया कि दोनों कंपनियों ने सैकड़ों करोड़ रुपये की शासकीय संपत्ति, आदिवासी किसानों की काबिज कास्त भूमि, सिंचाई विभाग की नहर-नाली, वन भूमि तथा नेशनल हाईवे के क्षेत्र पर आर्थिक भ्रष्टाचार के माध्यम से कब्जा कर लिया है। किसानों ने यह भी कहा कि सशर्त डायवर्सन का उल्लंघन होने पर इसे स्वतः निरस्त माना जाए और समस्त दस्तावेजों की निष्पक्ष जांच कर कठोर कार्रवाई की जाए।

जिलाधीश महासमुंद ने मौके पर ही एडीएम को अवैध कब्जे हटाने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही नगर एवं ग्राम निवेश विभाग को कंपनियों द्वारा प्रस्तुत एनओसी व दस्तावेजों की जांच करने के लिए कहा गया। किसानों ने यह गंभीर आरोप भी लगाया कि अवैध उद्योग से फैल रहे प्रदूषण के कारण धान की फसल सड़ने लगी है और इससे मानव जीवन ही नहीं बल्कि पशुओं के स्वास्थ्य पर भी बुरा असर पड़ रहा है। इस पर जिला कृषि अधिकारी को दो दिन के भीतर जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

किसान प्रतिनिधियों ने बताया कि करणी कृपा पावर प्राइवेट लिमिटेड के संचालक अशोक चौधरी, निर्णय चौधरी और विमल खेतान फर्जी उद्योग संचालन में संलिप्त पाए गए हैं और प्रशासन को तुरंत कंपनी पर तालाबंदी की कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए। किसानों ने घोषणा की कि 22 नवंबर को छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा सत्याग्रही किसानों के साथ श्री गणेश मंडप, खैरझिटी पहुँचेगी, जहाँ महाआरती और बड़े गांवों में विशेष आयोजन के बाद आंदोलन की अगली स्थापना प्रक्रिया की जाएगी। आज जनदर्शन के दौरान राधाबाई सिन्हा, अशोक कश्यप, नाथूराम सिन्हा, हेमसागर पटेल, तोषण सिन्हा, इंद्रमन साहू, धर्मेंद्र यादव, बिसरु ध्रुव और दौलत ध्रुव सहित कई आंदोलनकारी किसान उपस्थित थे।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment