छत्तीसगढ़ के सुकमा में सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ में एक माओवादी ढेर

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच जोरदार मुठभेड़ जारी है। एर्राबोर थाना क्षेत्र के घने पहाड़ी इलाकों में माओवादियों की गतिविधि की सूचना मिलने पर सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इसी दौरान सुबह से रुक-रुक कर फायरिंग हो रही है। इस एनकाउंटर में एक नक्सली को मार गिराया गया है। पुलिस ने ऑपरेशन जारी होने के कारण विस्तृत जानकारी फिलहाल साझा करने से मना कर दिया है, लेकिन मुठभेड़ की पुष्टि की है।

सुकमा। जिले के एर्राबोर इलाके में सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच भिड़ंत शुरू हो गई। यह मुठभेड़ सुबह से लगातार जारी है। सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए एक नक्सली को ढेर कर दिया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इलाके में माओवादियों की मौजूदगी की पुख्ता जानकारी मिलने पर डीआरजी सहित अन्य बलों की टीम ऑपरेशन के लिए रवाना की गई। जंगलों में आगे बढ़ते ही नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी गोलीबारी की।

एक नक्सली का शव बरामद

सूत्रों के मुताबिक, माओवादियों के छिपे होने की सूचना मुखबिर के जरिए मिली थी। सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने एक नक्सली का शव बरामद कर लिया है। हालांकि, पुलिस ने ऑपरेशन में शामिल जवानों की सुरक्षा का हवाला देते हुए अधिक जानकारी साझा करने से इनकार किया है। अधिकारी कहते हैं कि ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही विस्तृत रिपोर्ट जारी की जाएगी।

कोंटा एरिया कमेटी सचिव मंगडू के छिपे होने की आशंका

एर्राबोर क्षेत्र में कोंटा एरिया कमेटी के सचिव और खूंखार नक्सली मंगडू के मौजूद रहने की कई बार सूचना मिली है, जिसके बाद विभिन्न टीमों को जंगल में भेजा गया था। सुबह ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों और माओवादियों का आमना-सामना हो गया।

डीआरजी टीम पर फायरिंग

डीआरजी (District Reserve Guard) के जवानों की टीम जब घटनास्थल के नजदीक पहुंची, तो माओवादी पहले से घात लगाकर बैठे थे और दोनों ओर से रुक-रुक कर फायरिंग शुरू हो गई। क्षेत्र में अब भी तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और ऑपरेशन जारी है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment