छत्तीसगढ़ में 1 से 5 नवंबर तक धूमधाम से मनेगा राज्योत्सव: एयर शो और डिजिटल संग्रहालय के साथ 25वां स्थापना दिवस ऐतिहासिक बनेगा

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव हर वर्ष 1 नवंबर को पूरे प्रदेश में बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है। इस बार राज्य अपना 25वां स्थापना दिवस मना रहा है, जिसे खास और ऐतिहासिक बनाने की तैयारी की गई है। इस बार राज्योत्सव को पहले की तरह तीन नहीं बल्कि पांच दिन तक यानी 1 से 5 नवंबर तक मनाया जाएगा। राजधानी नवा रायपुर में भव्य आयोजन होंगे।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे, जबकि उपराष्ट्रपति समापन समारोह में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत 31 अक्टूबर की शाम प्रधानमंत्री के रायपुर पहुंचने से होगी। राज्य सरकार ने इस आयोजन को सिर्फ सांस्कृतिक उत्सव न रखकर इसे गर्व और पहचान का प्रतीक बनाने की योजना बनाई है।

पहली बार एयर शो का आयोजन:

इस वर्ष राज्योत्सव में एक ऐतिहासिक पल भी जुड़ने जा रहा है। भारतीय वायु सेना की सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम पहली बार छत्तीसगढ़ की धरती पर एयर शो प्रस्तुत करेगी। यह शानदार प्रदर्शन 5 नवंबर को सेठ तालाब के ऊपर होगा। करीब 40 मिनट तक चलने वाले इस शो में 9 फाइटर जेट्स एक साथ आसमान में स्टंट और फॉर्मेशन फ्लाइंग करेंगे, जो दर्शकों के लिए रोमांचक दृश्य होगा

आवास योजना से जुड़ा बड़ा कार्यक्रम:

राज्योत्सव के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाखों परिवारों को नए घरों की सौगात दी जाएगी। गृह प्रवेश समारोह इस आयोजन का एक अहम हिस्सा होगा। सरकार ने इसे लोगों के जीवन में नई उम्मीद और ऊंचाई देने वाला अवसर बताया है।

देश के पहले आदिवासी डिजिटल संग्रहालय का उद्घाटन:

राज्योत्सव के मौके पर देश का पहला आदिवासी डिजिटल संग्रहालय भी जनता को समर्पित किया जाएगा। प्रधानमंत्री नवा रायपुर के अटल नगर में बने शहीद वीर नारायण सिंह संग्रहालय का उद्घाटन करेंगे। इस संग्रहालय में छत्तीसगढ़ के 16 आदिवासी विद्रोहों की झलक डिजिटल माध्यम से देखने को मिलेगी। वीर नारायण सिंह, सोनाखान विद्रोह और भूमकाल आंदोलन जैसी ऐतिहासिक घटनाओं को विशेष रूप से प्रस्तुत किया जाएगा।

इस संग्रहालय की खासियत होगी— सरगुजा के कलाकारों की नक्काशी, 1400 वर्ष पुराने वृक्ष की प्रतिकृति, और 14 थीम आधारित गैलरियां। यह संग्रहालय आदिवासी शौर्य, बलिदान और गौरवगाथा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रतीक बनेगा

राज्य गौरव का प्रतीक बनेगा आयोजन:

25वां राज्योत्सव छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा, प्रगति और गौरव का संगम बनेगा। इसमें सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ तकनीकी और विकास की नई झलक भी देखने को मिलेगी। एयर शो, आवास योजना, और डिजिटल संग्रहालय के जरिए यह राज्योत्सव एक ऐतिहासिक अवसर के रूप में याद किया जाएगा।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment