छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां ग्राम खैरी में बंद पड़े एक गौठान को शराब माफियाओं ने अवैध देसी शराब की फैक्ट्री में बदल रखा था। जैसे ही पुलिस को इस गुप्त अड्डे की भनक लगी, उन्होंने तुरंत मौके पर छापेमारी की। छापे के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध शराब और शराब बनाने का सामान बरामद किया गया। इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला पलारी थाना क्षेत्र का है। बंद पड़े गौठान के कमरों में अज्ञात लोगों द्वारा गुपचुप तरीके से शराब तैयार की जा रही थी। आसपास के गांवों में इस शराब को बेचने की योजना बनाई गई थी। पुलिस के अचानक पहुंचे दल को देखकर आरोपी मौके से फरार हो गए। हालांकि पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में शराब, निर्माण उपकरण और अन्य सामान जब्त कर लिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई गई है। फिलहाल अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने साफ किया है कि इस तरह के अवैध कार्य में शामिल किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
गौरतलब है कि हाल ही में मुंगेली जिले में भी शराब माफियाओं द्वारा सरकारी स्कूल के कमरों में अवैध शराब रखने और बनाने का मामला सामने आया था। इन घटनाओं ने अवैध शराब के बढ़ते नेटवर्क की गंभीरता को उजागर किया है।
इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों में राहत का माहौल है और तस्करों में दहशत। पुलिस की यह छापेमारी कार्रवाई प्रशासन की सक्रियता का बड़ा उदाहरण मानी जा रही है। अधिकारी लगातार इलाके में गश्त बढ़ा रहे हैं ताकि इस तरह की गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लग सके।







