दिसंबर से प्रीपेड बिजली मीटर! बिना रिचार्ज बत्ती गुल, SMS से अलर्ट

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

छत्तीसगढ़ के बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ी खबर है! जल्द ही आपके घरों में लगा स्मार्ट मीटर आपके बिजली उपयोग के तरीके को पूरी तरह बदलने वाला है। प्रीपेड सिस्टम की शुरुआत इसी दिसंबर माह से होने की योजना है, जिसके बाद रिचार्ज खत्म होने की जानकारी और आपके खपत का हिसाब सब कुछ आपके मोबाइल पर SMS के जरिए मिलेगा।

47 प्रतिशत उपभोक्ताओं के घर स्मार्ट मीटर

पत्रिका के दिनेश कुमार के रिपोर्ट के अनुसार छत्तीसगढ़ में बिजली उपभोक्ताओं के यहाँ स्मार्ट मीटर लगाने का काम करीब 47 प्रतिशत पूरा हो गया है। फीटर मीटर लगाने का काम 100 प्रतिशत हो चुका है। वहीं, ट्रांसफार्मर में 21 प्रतिशत स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। साथ ही, सरकारी भवनों में स्मार्ट मीटर लगाने का काम भी करीब-करीब पूरा हो गया है।

सीएसपीडीसीएल ने प्रदेशभर के करीब 59 लाख उपभोक्ताओं के घरों में स्मार्ट मीटर लगाने का लक्ष्य 2027-28 तक रखा है। अब तक लगभग 28 लाख उपभोक्ताओं के घरों में स्मार्ट मीटर लग चुके हैं, जिसमें रायपुर सिटी और रीजनल से करीब 11.29 लाख उपभोक्ता शामिल हैं।

सीएसपीडीसीएल के अधिकारियों के अनुसार, स्मार्ट मीटर में प्रीपेड व्यवस्था इसी साल दिसंबर माह में लागू करने की योजना है। इस संबंध में प्रस्ताव सरकार के पास स्वीकृति के लिए भेजा गया है। सरकार से हरी झंडी मिलते ही प्रीपेड सिस्टम लागू कर दिया जाएगा।

ऐसे काम करेगा सिस्टम

पूरा सिस्टम ऑटोमेटिक रहेगा। जितनी बिजली की खपत होगी, उतना ही बैलेंस उपभोक्ताओं के रिचार्ज से कटेगा। इसके अलावा माइनस 300 रुपये तक अतिरिक्त बैलेंस होने के बाद ही उपभोक्ता की बिजली सप्लाई बंद होगी। रिचार्ज करने के साथ ही पहले का बकाया 300 रुपये बैलेंस से कट जाएगा। माइनस 300 रुपये से ज्यादा बकाया होने पर सप्लाई ऑटोमेटिक रूप से बंद हो जाएगी।

बकाया चुकाना होगा

स्मार्ट मीटर लगाते समय जिन उपभोक्ताओं का बकाया रहेगा, उन्हें यह बकाया 300 दिन में चुकाना होगा। यदि 300 रुपये बकाया है, तो प्रतिदिन 1 रुपये कटेगा।

सरकार से हरी झंडी मिलते ही प्रीपेड सिस्टम

सीएसपीडीसीएल की ओर से प्रीपेड सिस्टम शुरू करने का प्रस्ताव सरकार को भेजा जा चुका है। सरकार से जल्द ही स्वीकृति मिलने की संभावना है। स्वीकृति मिलते ही छत्तीसगढ़ में प्रीपेड सिस्टम शुरू कर दिया जाएगा।

रिचार्ज खत्म होने की सूचना SMS से

उपभोक्ताओं को प्रतिदिन बिजली की खपत की जानकारी और बिजली बिल की जानकारी मिलेगी। उपभोक्ताओं को रिचार्ज में खर्च हुए बजट की सूचना हर सप्ताह एसएमएस के जरिए भेजी जाएगी। वहीं, जब रिचार्ज खत्म होने वाला होगा, तो अलर्ट की सूचना सप्ताह में तीन बार दी जाएगी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment