अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज से हत्या के मामले में सजा काट रहा कैदी फरार, लापरवाही पर आरक्षक निलंबित

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल से हत्या के मामले में सजा काट रहा कैदी मुकेश कांत पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। इस घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा मुकेश कांत बिलासपुर जिले के ग्राम मल्हार का निवासी है। पहले वह बिलासपुर केंद्रीय जेल में सजा काट रहा था, जहाँ पर उसकी तबीयत बिगड़ने और बार-बार बीमार रहने के कारण बाद में उसे अंबिकापुर जेल में स्थानांतरित किया गया था।

बीते कुछ दिनों से उसे यूरीन संबंधित बीमारी की शिकायत थी। तबीयत बिगड़ने पर जेल प्रशासन ने उसे इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था और उसे जेल वार्ड में रखा गया था। उसकी निगरानी के लिए जिला पुलिस बल के आरक्षक की ड्यूटी लगाई गई थी।

इलाज के दौरान जब कैदी को शौचालय ले जाया गया, उसी दौरान उसने सुरक्षा कर्मी को चकमा देकर फरार होने में सफलता हासिल कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल परिसर में अफरातफरी मच गई। पुलिस अधिकारियों को तुरंत सूचित किया गया और फरारी की रिपोर्ट मणिपुर थाने में दर्ज कराई गई।

इस घटना में ड्यूटी पर तैनात आरक्षक की गंभीर लापरवाही सामने आई, जिसके चलते एसपी राजेश अग्रवाल ने उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। पुलिस अब फरार कैदी की तलाश में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है और आसपास के जिलों में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है।

अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही फरार कैदी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और इस मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment