नई दिल्ली। भारत की सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत को नया वैश्विक सम्मान मिला है। देश के 7 अनोखे स्थल UNESCO की Tentative World Heritage List में शामिल कर लिए गए हैं। इस सूची में महाराष्ट्र के पंचगनी के डेक्कन ट्रैप्स और महाबलेश्वर, आंध्र प्रदेश की तिरुमाला हिल्स, मेघालय की गुफाएं समेत कुल 7 राज्यों की 7 जगहें शामिल की गई हैं।
यूनेस्को में भारत के स्थायी प्रतिनिधिमंडल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि ये स्थल भारत की समृद्ध सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहर का प्रतीक हैं।
UNESCO Tentative List में शामिल भारत के 7 नए स्थल
| नंबर | जगह | राज्य |
|---|---|---|
| 1 | पंचगनी का डेक्कन ट्रैप और महाबलेश्वर | महाराष्ट्र |
| 2 | मेघालय की गुफाएं | पूर्वी खासी हिल्स, मेघालय |
| 3 | नागा हिल्स ओफीयोलाइट | किफायर, नागालैंड |
| 4 | तिरुमाला हिल्स | तिरुपति, आंध्र प्रदेश |
| 5 | वर्कला | केरल |
| 6 | एरा मट्टी डिब्बालु | विशाखापट्टनम, आंध्र प्रदेश |
| 7 | सेंट मेरी आईलैंड क्लस्टर | कर्नाटक |
भारत के अब तक 69 स्थल सूची में
इन 7 नए स्थलों के जुड़ने के बाद भारत के कुल 69 स्थल UNESCO की Tentative World Heritage List में दर्ज हो चुके हैं। इनमें 49 सांस्कृतिक (Cultural), 3 मिश्रित (Mixed) और 17 प्राकृतिक (Natural) कैटेगरी की साइट्स शामिल हैं।







