रायपुर। भाजपा के प्रदेश कार्यालय मंत्री नरेश चंद्र गुप्ता का एक ट्वीट राजधानी में राजनीतिक हलचल का केंद्र बन गया है। गुप्ता ने ट्वीट करते हुए लिखा, “कल द्वितीय प्रहर में अर्थात भोजन अवसर उपरांत कोई बड़ा षड्यंत्र तो नहीं होने जा रहा है!” इसके साथ ही उन्होंने भगवान से षड्यंत्रकारियों को सद्बुद्धि प्रदान करने की प्रार्थना की और माँ बगलामुखी से ऐसे व्यक्तियों के दमन की कामना की।
इस ट्वीट के साथ ही गुप्ता ने एक संदेश साझा किया जिसमें लिखा था, “बगावत हमेशा ईमानदार और स्वाभिमानी लोग ही करते हैं। चालाक लोग तो चापलूसी और तलवा चाट कर अपना स्वार्थ सिद्ध कर लेते हैं।” यह संदेश पार्टी के भीतर चल रही गतिविधियों की ओर इशारा करता दिख रहा है।

नरेश गुप्ता वही नेता हैं जिन्होंने कांग्रेस के शराब घोटाले को सबसे पहले उजागर कर राज्य की राजनीति में भूचाल ला दिया था। अब उनके ताजा ट्वीट को लेकर भाजपा के भीतर हलचल तेज हो गई है और राजनीतिक गलियारों में इसके मायने निकाले जा रहे हैं।



