बिना वजह थकान, कमजोरी या भूख न लगना – अगर आप इन लक्षणों को सामान्य मानकर टाल रहे हैं, तो सतर्क हो जाइए। यह फैटी लिवर का संकेत हो सकता है, जो शुरुआत में मामूली लगने वाले लक्षणों के साथ गंभीर रूप ले सकता है।

क्या होता है फैटी लिवर?
जब लिवर की कोशिकाओं में आवश्यकता से अधिक वसा जमने लगती है, तो उसे फैटी लिवर कहा जाता है। यह दो प्रकार का होता है:
1. अल्कोहलिक फैटी लिवर डिजीज – अत्यधिक शराब सेवन से होता है।
2. नॉन-अल्कोहलिक फैटी लिवर डिजीज (NAFLD) – बिना शराब पिए भी हो सकता है।
NAFLD आजकल तेजी से बढ़ रही समस्या है, जो मोटापा, डायबिटीज, खराब खानपान और सुस्त जीवनशैली के कारण होती है।

फैटी लिवर के सामान्य लेकिन गंभीर संकेत:
- लगातार थकान और शरीर में कमजोरी
- भूख में कमी और वजन घटना
- पेट के ऊपरी दाहिने हिस्से में हल्की तकलीफ या दबाव
- मतली और जी मिचलाना

कब बनता है यह समस्या गंभीर?
यदि शुरुआती अवस्था में ध्यान न दिया जाए, तो यह बीमारी ‘नॉन-अल्कोहलिक स्टीटोहेपेटाइटिस (NASH)’ में बदल सकती है। इससे लिवर में सूजन और कोशिकाओं को नुकसान होता है।
- गंभीर लक्षणों में शामिल हैं:
- त्वचा और आंखों में पीलापन (पीलिया)
- पेट और टखनों में सूजन
- मानसिक भ्रम
- चोटों का जल्दी न भरना

फैटी लिवर से बचाव के आसान उपाय:
- संतुलित आहार लें – फल, सब्जियाँ, साबुत अनाज और प्रोटीन शामिल करें।
- प्रोसेस्ड फूड और अतिरिक्त चीनी से बचें।
- नियमित व्यायाम करें – रोज़ाना 30 मिनट टहलना या योग लाभदायक होता है।
- स्वस्थ वजन बनाए रखें – मोटापा नियंत्रण में रखना जरूरी है।



