भारत के स्टार जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने गोल्डन स्पाइक एथलेटिक्स टूर्नामेंट 2025 का खिताब अपने नाम किया, लेकिन इसके बावजूद वे अपने प्रदर्शन से संतुष्ट नहीं दिखे। उन्होंने 85.29 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया, जिससे वह प्रतियोगिता में पहले स्थान पर रहे, लेकिन उन्होंने कहा कि वे इससे बेहतर कर सकते थे।
नीरज ने कहा, “मैं टाइटल जीतने से खुश हूं, लेकिन थ्रो से संतुष्ट नहीं हूं। बचपन से इस टूर्नामेंट को देखता आया हूं, जेलेज्नी और बोल्ट जैसे दिग्गजों को जीतते देखा और सोचा था एक दिन मैं भी यहां जीतूंगा। वो सपना पूरा हुआ, लेकिन प्रदर्शन उम्मीद से कमजोर रहा।”
गोल्डन स्पाइक में नीरज का प्रदर्शन
नीरज ने टूर्नामेंट की शुरुआत एक फाउल से की। फिर उन्होंने 83.45 मीटर, 85.29 मीटर, 82.17 मीटर और 81.01 मीटर के थ्रो किए। उनका अंतिम थ्रो फिर से फाउल रहा। यह वही टूर्नामेंट है जिसे उनके कोच जेन जेलेज्नी ने करियर में नौ बार जीता है।
सीज़न में अब तक शानदार फॉर्म में हैं नीरज
27 वर्षीय नीरज इस सीजन बेहतरीन लय में हैं। उन्होंने दोहा डायमंड लीग में 90.23 मीटर का थ्रो कर दूसरा स्थान पाया और फिर पेरिस डायमंड लीग का खिताब जीता। अब वे 5 जुलाई को नीरज चोपड़ा क्लासिक टूर्नामेंट में बेंगलुरु में भाग लेंगे, जिसमें पीटर्स और रोहलेर जैसे सितारे शामिल होंगे।



