भारतीय महिला पहलवानों का एशियाई चैंपियनशिप में धमाका, चार स्वर्ण, पांच रजत जीतकर टीम खिताब किया अपने नाम

admin
2 Min Read

भारतीय महिला पहलवानों ने अंडर-23 एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया है। भारतीय टीम ने इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में चार स्वर्ण और पांच रजत समेत सभी 10 भार वर्गों में पदक जीतकर टीम चैंपियनशिप अपने नाम कर ली।

50 किग्रा वर्ग में प्रियांशी प्रजापत, 55 किग्रा में रीना, 68 किग्रा में सृष्टि और 76 किग्रा में प्रिया ने बेहतरीन प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक हासिल किए। इसके अलावा, भारत की पांच अन्य महिला पहलवान भी फाइनल में पहुंचीं लेकिन उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। इन खिलाड़ियों में नेहा शर्मा (57 किग्रा), तन्वी (59 किग्रा), प्रगति (62 किग्रा), शिक्षा (65 किग्रा) और ज्योति बेरवाल (72 किग्रा) शामिल हैं। हिनाबेन खलीफा (53 किग्रा) ने कांस्य पदक जीता।

ग्रीको-रोमन कुश्ती में भी भारत का जलवा कायम रहा। सुमित ने 63 किग्रा भार वर्ग में स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया, जबकि नितेश (97 किग्रा) और अंकित गुलिया (72 किग्रा) ने कांस्य पदक प्राप्त किए।

पुरुषों की फ्रीस्टाइल स्पर्धा में विक्की ने 97 किग्रा में स्वर्ण पदक जीतकर भारत का परचम लहराया। वहीं निखिल (61 किग्रा), सुजीत कलकल (65 किग्रा), जयदीप (74 किग्रा), चंद्रमोहन (79 किग्रा) और सचिन (92 किग्रा) ने भी स्वर्ण पदक के लिए मुकाबला करने का शानदार मौका हासिल किया है।

भारतीय पहलवानों का यह प्रदर्शन न केवल देश के लिए गौरव की बात है बल्कि आने वाले अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट्स में भी भारत की मजबूत दावेदारी को दर्शाता है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment