अहमदाबाद प्लेन क्रैश: “ऐसा लगा जैसे धरती हिल गई, चारों ओर बस धुआं ही धुआं”; चश्मदीदों ने सुनाई खौफनाक घटना

admin
3 Min Read

अहमदाबाद। सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गुरुवार को एक भयानक विमान हादसा हुआ, जिसने हर किसी को दहला कर रख दिया। लंदन के लिए उड़ान भरते समय एअर इंडिया के बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान में अचानक तकनीकी खराबी आ गई, जिसके चलते विमान उड़ान भरने के महज कुछ सेकंड बाद ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

हादसे के प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जब विमान गिरा तो ऐसा प्रतीत हुआ जैसे भूकंप आ गया हो। चारों ओर धुएं के घने गुबार फैल गए और हर तरफ चीख-पुकार मच गई। यह विमान दो पायलट, 10 क्रू सदस्य और 242 यात्रियों को लेकर लंदन के लिए रवाना हो रहा था। विमान ने दोपहर 1:39 बजे टेक-ऑफ किया, लेकिन कुछ ही सेकंड में इंजन में आई खराबी ने सब कुछ बदल दिया।

मेघानी नगर में डॉक्टर हॉस्टल पर गिरा विमान

विमान असंतुलित होकर मेघानी नगर में डॉक्टरों के हॉस्टल की छत से टकरा गया। टक्कर के बाद विमान में जोरदार धमाका हुआ और वह आग के गोले में बदल गया। कई इमारतों में आग लग गई, और चारों ओर मलबा और धुआं फैल गया। मौके पर पहुंची राहत टीमों ने तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन स्थिति बेहद भयावह थी।

प्रत्यक्षदर्शियों का दर्दनाक बयान

चश्मदीद हरेश शाह ने बताया, “विमान काफी नीची उड़ान भर रहा था और बीजे मेडिकल कॉलेज की रेजिडेंशियल बिल्डिंग से टकरा गया। जैसे ही विमान गिरा, भयानक विस्फोट हुआ और तुरंत आग लग गई। पांच मंजिला इमारत में भी आग लग गई जिसमें कई लोग घायल हो गए।”

एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी ने कहा, “जब तेज धमाके की आवाज आई, तो लगा जैसे भूकंप आ गया हो। बाहर निकले तो हर तरफ आग, धुआं और मलबा ही मलबा था।”

ब्रिटिश नागरिक का आखिरी संदेश

विमान में सवार ब्रिटिश नागरिक जेमी रे मीक ने हादसे से कुछ मिनट पहले ही अपने इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर लिखा था, “गुडबाय इंडिया, अब हम लंदन लौट रहे हैं।” यह उनका आखिरी संदेश साबित हुआ।

यह हादसा न केवल तकनीकी लापरवाही की ओर इशारा करता है, बल्कि कई परिवारों के सपनों को भी चकनाचूर कर गया।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment