पाकिस्तान में लश्कर के सह-संस्थापक हमजा पर जानलेवा हमला, हालत नाजुक

admin
2 Min Read

पाकिस्तान में लश्कर-ए-तैयबा के सह-संस्थापक और हाफिज सईद के करीबी हमजा पर लाहौर में जानलेवा हमला हुआ है। रिपोर्टों के मुताबिक, हमले के बाद उसे पहले लाहौर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, फिर उसकी गंभीर हालत को देखते हुए सेना के बेस अस्पताल स्थानांतरित कर दिया गया है। हमजा के सिर, चेहरे और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं।

यह घटना बीते 48 घंटों में पाकिस्तान में दूसरी बड़ी आतंकी टारगेटिंग मानी जा रही है। दो दिन पहले हाफिज सईद के एक अन्य करीबी आतंकी अबु सैफुल्ला खालिद को भी गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया था।

हालांकि, पाकिस्तानी प्रशासन की ओर से हमजा पर हमले की अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। सोशल मीडिया पर इसे लेकर कई तरह के दावे किए जा रहे हैं। कुछ लोग इसे दुर्घटना बता रहे हैं, जबकि कुछ का मानना है कि यह संगठनों के बीच आपसी रंजिश का परिणाम है।

हमजा को भारत के मुंबई हमलों (2008) के मामले में मोस्ट वांटेड आतंकवादी माना जाता है। अमेरिका ने 2012 में उसे अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी घोषित किया था। वह लश्कर के फ्रंटल संगठन जमात-उद-दावा का भी नेतृत्व कर चुका है, जिसका काम वैश्विक स्तर पर आतंकी फंडिंग और ब्रेनवॉश कर युवाओं की भर्ती करना है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment