1992 की आइकॉनिक फिल्म ‘जो जीता वही सिकंदर’ ने अपनी रिलीज़ के 33 साल पूरे कर लिए हैं और इस मौके पर फिल्म को दोबारा सिनेमाघरों में रिलीज़ किया गया है। फिल्म की अभिनेत्री पूजा बेदी ने इस खास पल को यादगार बनाते हुए इंस्टाग्राम पर एक इमोशनल पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने बड़े पर्दे पर खुद को फिर से देखने के अनुभव को ‘रोमांचक और भावनात्मक’ बताया।
फिल्म के री-रिलीज अवसर पर पूजा बेदी ने एक वीडियो शेयर किया जिसमें उन्होंने फिल्म की झलकियां दिखाईं और फैंस से पूछा कि इस फिल्म का उनका पसंदीदा पल कौन सा है। पूजा ने लिखा, “क्या अद्भुत एहसास है! मेरी फिल्म ‘जो जीता वही सिकंदर’ 33 साल बाद फिर से थिएटर में रिलीज़ हुई है और खुद को बड़े पर्दे पर दोबारा देखना एक बेहद खास अनुभव रहा।”
22 मई 1992 को रिलीज हुई मंसूर ख़ान निर्देशित यह फिल्म अपने समय की ब्लॉकबस्टर रही थी। आमिर ख़ान, दीपक तिजोरी, आयेशा झुल्का और पूजा बेदी जैसे कलाकारों की बेहतरीन अदाकारी और ‘पहला नशा’, ‘रूख से ज़रा नक़ाब हटा दो’ जैसे अमर गीत आज भी दर्शकों को रोमांचित करते हैं।



