महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप केस के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को आज, 12 नवंबर को रायपुर की स्पेशल कोर्ट में पेश किया जाएगा। CBI की आठ दिन की कस्टोडियल रिमांड पूरी होने के बाद उसे दिल्ली से फ्लाइट के जरिए रायपुर लाया जा रहा है।
आज की सुनवाई में सबसे बड़ा सवाल यह होगा कि CBI आगे की पूछताछ के लिए सौरभ चंद्राकर की दोबारा रिमांड मांगती है या नहीं। अगर CBI रिमांड नहीं मांगती है, तो प्रवर्तन निदेशालय (ED) अपने वारंट को लागू कराने के लिए कोर्ट में नया आवेदन पेश कर सकती है।
पिछली सुनवाई में ED ने सौरभ चंद्राकर को अपने वारंट पर गिरफ्तार करने की मांग की थी। लेकिन तत्कालीन कोर्ट ने ED के आवेदन को प्रीमैच्योर यानी समय से पहले दाखिल माना था। अब CBI की रिमांड अवधि खत्म होने के बाद ED के पास दोबारा आवेदन करने का मौका है।
महादेव सट्टा नेटवर्क पर आरोप
CBI की जांच में सामने आया है कि महादेव ऑनलाइन बुक देश के बड़े अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क में शामिल था और इसका संचालन भारत के बाहर से किया जाता था। इस प्लेटफॉर्म के जरिए क्रिकेट, फुटबॉल, ताश समेत अन्य खेलों पर ऑनलाइन सट्टा लगाया जाता था।
जांच एजेंसी के अनुसार, नेटवर्क को फ्रेंचाइजी की तर्ज पर देशभर में पैनल और ब्रांच बनाकर संचालित किया जाता था। सट्टेबाजी से प्राप्त रकम कई बैंक खातों में जमा कराई जाती थी, जिसके बाद अलग-अलग लेनदेन के जरिए पैसा छिपाया जाता था और हवाला के माध्यम से विदेश भेजा जाता था।
CBI की जांच में यह भी आरोप है कि महादेव नेटवर्क को बिना रुकावट चलाने के लिए सरकारी कर्मचारियों को रिश्वत दी जाती थी। एजेंसी का कहना है कि सौरभ चंद्राकर की कस्टोडियल पूछताछ से उन कर्मचारियों की पहचान करने में मदद मिल सकती है, जिन्हें कथित तौर पर संरक्षण राशि दी गई थी।
CBI और ED की कार्रवाई
CBI ने इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, IPC की आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और जालसाजी से जुड़ी धाराओं के साथ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम के तहत चार्जशीट दाखिल की है। वहीं, ED मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में जांच कर रही है और भारत तथा विदेश में कई संपत्तियां अटैच कर चुकी है।
सौरभ चंद्राकर को 1 नवंबर को ओमान से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया था। इसके बाद रायपुर की स्पेशल कोर्ट ने CBI को पूछताछ के लिए आठ दिन की कस्टोडियल रिमांड दी थी, जिसके दौरान उससे दिल्ली में पूछताछ की गई।
आज की पेशी में CBI की अगली रिमांड मांग और ED के वारंट निष्पादन के लिए दिए जाने वाले आवेदन पर नजर रखी जाएगी। अदालत का फैसला तय करेगा कि आगे सौरभ चंद्राकर की पूछताछ CBI के पास रहेगी या ED उसे अपनी कस्टडी में लेगी।





