सोमवार का दिन धार्मिक और ज्योतिषीय दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। आज सोमवती अमावस्या का संयोग बन रहा है। कार्तिक कृष्ण अमावस्या दोपहर 12 बजकर 31 मिनट तक रहेगी, इसके बाद कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा शुरू होगी। अमावस्या के अवसर पर दान-पुण्य, पितरों का स्मरण और भगवान शिव की आराधना करना शुभ माना गया है।
- मेष राशि: जीवनसाथी के साथ रिश्तों में बढ़ेगी मधुरता
- वृषभ राशि: छुट्टियों के बाद बढ़ेगा काम, खर्चों पर रखें नजर
- मिथुन राशि: बच्चों की पढ़ाई और दिनचर्या पर देना होगा ध्यान
- कर्क राशि: पितरों के स्मरण और दान से मिलेगा मानसिक सुकून
- सिंह राशि: त्योहार की थकान उतारने के लिए आराम जरूरी
- कन्या राशि: खर्चों का हिसाब रखें, बेवजह की बहस से बचें
- तुला राशि: मानसिक तनाव से बचें, खुद के लिए निकालें समय
- वृश्चिक राशि: एकांत में बिताना चाहेंगे समय, दान से मिलेगी शांति
- धनु राशि: मित्रों से संपर्क में आ सकती है कमी
- मकर राशि: कामकाज में बढ़ेगा दबाव, अधिकारियों से बातचीत संभव
- कुंभ राशि: पितरों का स्मरण और बुजुर्गों की सेवा से मिलेगा आशीर्वाद
- मीन राशि: मन की बेचैनी पर रखें नियंत्रण, विवाद से रहें दूर
ग्रहों की स्थिति की बात करें तो चंद्रमा तुला राशि में अस्त अवस्था में सूर्य और बुध के साथ विराजमान हैं। वहीं, आज राहुकाल सुबह 8:03 बजे से 9:25 बजे तक रहेगा। इस अवधि में नए और महत्वपूर्ण कामों की शुरुआत करने से बचने की सलाह दी जाती है।
दीपावली के उत्साह और भागदौड़ के बाद आज का दिन अपने कामकाज, खर्चों और पारिवारिक जिम्मेदारियों को व्यवस्थित करने का संकेत दे रहा है। वृषभ और कन्या राशि के जातकों को आर्थिक मामलों में सतर्क रहना होगा। मेष और मकर राशि वालों को कार्यक्षेत्र में सुस्ती से बचना चाहिए। वहीं, कर्क और कुंभ राशि के लिए पितरों का स्मरण और सेवा-सहायता मानसिक शांति का माध्यम बन सकती है। आइए जानते हैं मेष से मीन तक सभी 12 राशियों के लिए सोमवार का दिन कैसा रहने वाला है।
मेष राशि: जीवनसाथी के साथ रिश्तों में बढ़ेगी मधुरता
मेष राशि के जातकों के लिए आज कामकाज की रफ्तार थोड़ी धीमी रह सकती है। व्यापारियों को ग्राहकों की आवाजाही में कमी महसूस हो सकती है। किसी नए सौदे या बड़े कारोबारी समझौते को अंतिम रूप देने से पहले सभी जरूरी पहलुओं की जांच कर लें। जल्दबाजी में फैसला लेना नुकसानदायक हो सकता है।
त्योहारों की व्यस्तता के बाद परिवार और जीवनसाथी के लिए समय निकालना जरूरी रहेगा। छोटी-छोटी खुशियां रिश्तों में नई गर्माहट ला सकती हैं। साझेदारी के काम में अपनी उपलब्धियों का जरूरत से ज्यादा बखान करने से बचें। किसी पुराने परिचित का फोन या संदेश दिन को खास बना सकता है। गर्दन और कंधों में थकान महसूस हो सकती है।
शुभ रंग: हल्का गुलाबी | शुभ अंक: 11
उपाय: शिवलिंग पर जल और कच्चे दूध से अभिषेक करें।
वृषभ राशि: छुट्टियों के बाद बढ़ेगा काम, खर्चों पर रखें नजर
वृषभ राशि वालों को दीपावली की छुट्टियों के बाद कामकाज में दोबारा सक्रिय होना पड़ेगा। दफ्तर में लंबित फाइलें और जरूरी काम आपका इंतजार कर सकते हैं। कर्मचारियों की अनुपस्थिति के कारण अतिरिक्त जिम्मेदारी भी मिल सकती है। ऐसे में परेशान होने के बजाय काम को प्राथमिकता के अनुसार पूरा करें।
त्योहार के दौरान हुए खर्चों का हिसाब लगाना भी जरूरी होगा। सहकर्मियों के साथ बातचीत में संयम रखें और विवाद की स्थिति से बचें। परिवार या पड़ोस में किसी पुराने मनमुटाव को खत्म करने का अच्छा अवसर मिल सकता है। बच्चों की मांगों पर सोच-समझकर फैसला लें। खानपान में लापरवाही से त्वचा संबंधी परेशानी हो सकती है।
शुभ रंग: सफेद | शुभ अंक: 2
उपाय: अमावस्या पर पीपल के पेड़ के नीचे सरसों के तेल का दीपक जलाएं।
मिथुन राशि: बच्चों की पढ़ाई और दिनचर्या पर देना होगा ध्यान
मिथुन राशि के जातकों के लिए आज का दिन छुट्टियों के बाद नियमित दिनचर्या शुरू करने का है। बच्चों का मन पढ़ाई और होमवर्क में कम लग सकता है। उन्हें डांटने के बजाय प्यार से समझाएं और धीरे-धीरे पढ़ाई की आदत दोबारा विकसित करें।
आपके मन में रचनात्मक कामों को लेकर कई विचार आ सकते हैं, लेकिन किसी योजना को अंतिम रूप देने में थोड़ा समय लग सकता है। प्रेम संबंधों में बातचीत की कमी महसूस हो सकती है। ऐसे में पहल करना आपके लिए बेहतर रहेगा। घर की साफ-सफाई और दीपावली की सजावट समेटने के काम को टालने के बजाय थोड़ा-थोड़ा करके पूरा करें। आंखों को पर्याप्त आराम दें।
शुभ रंग: हल्का हरा | शुभ अंक: 7
उपाय: तुलसी के पौधे के पास दीपक जलाएं और परिक्रमा करें।
कर्क राशि: पितरों के स्मरण और दान से मिलेगा मानसिक सुकून
कर्क राशि के जातकों के लिए सोमवती अमावस्या का दिन भावनात्मक रूप से खास रह सकता है। त्योहार पर घर आए मेहमानों के लौटने के बाद कुछ खालीपन महसूस हो सकता है। ऐसे में परिवार के साथ समय बिताना मन को अच्छा रखेगा।
आज पितरों के नाम पर जल, भोजन या वस्त्र का दान करना शुभ माना गया है। माता की सेहत और उनकी दिनचर्या का विशेष ध्यान रखें। घर में किसी छोटी बात को लेकर विवाद करने से बचें। भाई-बहनों के बीच उपहार या दूसरी चीजों की तुलना करना रिश्तों में तनाव बढ़ा सकता है। सर्दी, छाती में जलन या जकड़न जैसी परेशानी को नजरअंदाज न करें।
शुभ रंग: सफेद | शुभ अंक: 9
उपाय: पितरों के निमित्त जल में काले तिल मिलाकर अर्पित करें।
सिंह राशि: त्योहार की थकान उतारने के लिए आराम जरूरी
सिंह राशि वालों के लिए आज शरीर और मन को आराम देने का दिन है। दीपावली की भागदौड़ और लगातार व्यस्तता के कारण थकान महसूस हो सकती है। पैरों में दर्द या भारीपन रहे तो पर्याप्त आराम करें और रात को समय पर सोने की कोशिश करें।
यात्रा करने वाले लोगों को बस, ट्रेन या अन्य साधनों के समय की पहले से पुष्टि कर लेनी चाहिए। रास्ते में भीड़ और देरी का सामना करना पड़ सकता है। आज आत्मविश्वास में थोड़ी कमी महसूस हो सकती है, इसलिए किसी पर अपनी बात थोपने से बचें। छोटे भाई-बहनों और पड़ोसियों से बातचीत रिश्तों को बेहतर बनाएगी। बुजुर्गों की सलाह आपके लिए उपयोगी साबित हो सकती है।
शुभ रंग: क्रीम | शुभ अंक: 3
उपाय: सूर्यदेव को जल अर्पित करें और गायत्री मंत्र का जाप करें।
कन्या राशि: खर्चों का हिसाब रखें, बेवजह की बहस से बचें
कन्या राशि के जातकों को आज आर्थिक मामलों में विशेष सावधानी बरतनी होगी। दीपावली पर खरीदारी, उपहार और पूजा-पाठ में हुए खर्चों का पूरा हिसाब तैयार करें। आने वाले दिनों के लिए बजट बनाना फायदेमंद रहेगा।
कार्यक्षेत्र में किसी की बात पर तुरंत प्रतिक्रिया देने से बचें। आज कम बोलना और परिस्थितियों को समझकर जवाब देना ज्यादा बेहतर रहेगा। मन में कुछ उदासी या दूसरों से अपनी तुलना करने की भावना आ सकती है। नकारात्मक विचारों को खुद पर हावी न होने दें। जरूरतमंदों को भोजन या अन्य सामग्री का दान करना शुभ रहेगा। किसी को पैसा उधार देने से फिलहाल बचें। खानपान में संतुलन रखें।
शुभ रंग: पैरट ग्रीन | शुभ अंक: 6
उपाय: जरूरतमंद व्यक्ति को चावल, दूध या चीनी का दान करें।
तुला राशि: मानसिक तनाव से बचें, खुद के लिए निकालें समय
तुला राशि वालों के लिए आज का दिन मानसिक शांति और आत्मचिंतन का है। कई विचार एक साथ मन में चल सकते हैं, जिससे थकान और बेचैनी महसूस हो सकती है। छोटी-छोटी बातों पर नाराज होने या अहंकार में प्रतिक्रिया देने से बचें।
आर्थिक मामलों में भी सतर्कता जरूरी है। व्यक्तिगत जरूरतों और परिवार से जुड़े खर्च बढ़ सकते हैं। पूरे दिन जिम्मेदारियों में उलझे रहने के बजाय अपने लिए भी कुछ समय निकालें। हल्की सैर, पसंदीदा संगीत या परिवार के किसी सदस्य से बातचीत मन को राहत दे सकती है। हर परेशानी का बोझ अकेले उठाने की कोशिश न करें।
शुभ रंग: आसमानी नीला | शुभ अंक: 5
उपाय: किसी जरूरतमंद को सफेद वस्त्र या सफेद मिठाई दान करें।
वृश्चिक राशि: एकांत में बिताना चाहेंगे समय, दान से मिलेगी शांति
वृश्चिक राशि के जातकों का मन आज ज्यादा बातचीत करने के बजाय अकेले समय बिताने का हो सकता है। सुबह आलस्य महसूस होगा और मन में हल्की बेचैनी भी रह सकती है। दीपावली के दौरान हुए खर्चों की समीक्षा करना आपके लिए जरूरी रहेगा।
विदेश या दूसरे शहर में रहने वाले किसी परिचित से बातचीत हो सकती है। मित्रों से जिस सहयोग की उम्मीद है, उसमें थोड़ी देरी संभव है। ऐसे में किसी से बहुत अधिक अपेक्षा न रखें। सोमवती अमावस्या पर गरीब या जरूरतमंद व्यक्ति को भोजन कराना और मंदिर में दान करना मन को संतोष दे सकता है। नींद में परेशानी या पैरों में ऐंठन महसूस हो सकती है।
शुभ रंग: लाल | शुभ अंक: 8
उपाय: अमावस्या के अवसर पर किसी गरीब या जरूरतमंद को भोजन कराएं।
धनु राशि: मित्रों से संपर्क में आ सकती है कमी
धनु राशि वालों के लिए आज सामाजिक गतिविधियां थोड़ी कम रह सकती हैं। दीपावली के बाद दोस्तों से बातचीत और मुलाकातों का सिलसिला धीमा पड़ सकता है। आय में उतार-चढ़ाव की स्थिति बन सकती है, इसलिए निवेश और शेयर बाजार से जुड़े फैसलों पर दोबारा विचार करें।
बड़े भाई-बहनों से अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने पर निराश न हों। कार्यक्षेत्र में किसी महिला सहकर्मी की बात को व्यक्तिगत रूप से लेने से बचें। पितरों के निमित्त दान-पुण्य करना शुभ रहेगा। खानपान में सावधानी बरतें, क्योंकि गैस, पेट फूलने और पाचन से जुड़ी समस्या परेशान कर सकती है।
शुभ रंग: नारंगी | शुभ अंक: 14
उपाय: पीली वस्तुओं का दान करें।
मकर राशि: कामकाज में बढ़ेगा दबाव, अधिकारियों से बातचीत संभव
मकर राशि के जातकों को आज त्योहार के बाद फिर से काम की जिम्मेदारियां संभालनी पड़ सकती हैं। कुछ लोगों को छुट्टी के दौरान भी वरिष्ठ अधिकारियों से काम को लेकर चर्चा करनी पड़ सकती है। नए महीने के लक्ष्य और काम की योजना पर बातचीत होने के संकेत हैं।
कार्यक्षेत्र में शुरुआत थोड़ी धीमी रह सकती है। वरिष्ठ अधिकारियों या पिता के साथ बातचीत करते समय संयम बनाए रखें। मेहनत के बावजूद परिणाम मिलने में देरी हो सकती है, इसलिए निराश होकर प्रयास कम न करें। सोमवती अमावस्या पर पितरों के नाम से दान या सेवा करना शुभ रहेगा। शरीर में कमजोरी और थकान महसूस हो सकती है। समय पर भोजन करना जरूरी होगा।
शुभ रंग: स्लेटी | शुभ अंक: 22
उपाय: पीपल के पेड़ की सात परिक्रमा करें और पितरों का स्मरण करें।
कुंभ राशि: पितरों का स्मरण और बुजुर्गों की सेवा से मिलेगा आशीर्वाद
कुंभ राशि के जातकों के लिए आज धार्मिक कार्यों और पारिवारिक जिम्मेदारियों का महत्व बढ़ सकता है। कामकाज में कुछ रुकावटें आ सकती हैं और उम्मीद के मुताबिक परिणाम मिलने में समय लग सकता है।
सोमवती अमावस्या पर पितरों के निमित्त तर्पण और दान करना शुभ रहेगा। घर के बुजुर्गों की सेवा करें और पिता की सेहत का ध्यान रखें। किसी दूसरे व्यक्ति की बातों में आकर जल्दबाजी में निर्णय न लें। अचानक कोई पुराना खर्च सामने आ सकता है, इसलिए आर्थिक मामलों में सावधानी बरतें। धन से जुड़े मामलों में बातचीत करते समय संयम रखें। कमर के निचले हिस्से में दर्द की शिकायत हो सकती है।
शुभ रंग: बैंगनी | शुभ अंक: 4
उपाय: भगवान शिव के मंत्र ‘ॐ नमः शिवाय’ का एक माला जाप करें।
मीन राशि: मन की बेचैनी पर रखें नियंत्रण, विवाद से रहें दूर
मीन राशि के जातकों के लिए आज का दिन धैर्य और संयम के साथ बिताने का है। बिना किसी स्पष्ट कारण के मन में चिंता या बेचैनी महसूस हो सकती है। जिम्मेदारियों का दबाव भी मानसिक थकान बढ़ा सकता है।
जीवनसाथी या कारोबारी साझेदार के साथ बातचीत करते समय शब्दों का चयन सोच-समझकर करें। छोटी बात को बड़ा विवाद बनाने से बचना आपके हित में रहेगा। किसी भी महत्वपूर्ण फैसले को जल्दबाजी में लेने के बजाय परिस्थितियों को समझें। देर रात तक जागने से बचें और पर्याप्त नींद लें। पाचन और भूख से जुड़ी परेशानी भी हो सकती है। सोमवार को भगवान शिव का अभिषेक करना मन को शांति दे सकता है।
शुभ रंग: समुद्री हरा | शुभ अंक: 1
उपाय: महामृत्युंजय मंत्र का 11 बार जाप करें।






