राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में विजयदशमी के अवसर पर साड़ी पहनकर AK-47 से हर्ष फायरिंग करने का मामला चर्चा में आ गया है। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस मुख्यालय ने रेंज आईजी के माध्यम से राजनांदगांव की पुलिस अधीक्षक (SP) अंकिता शर्मा से स्पष्टीकरण मांगा है। अब इस मामले में एसपी के जवाब के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।
जानकारी के अनुसार, विजयदशमी की सुबह जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन में एसपी अंकिता शर्मा के नेतृत्व में परंपरागत अस्त्र-शस्त्र पूजा का आयोजन किया गया था। पूजा-अर्चना के बाद परंपरा के अनुसार हर्ष फायरिंग की गई। इस दौरान साड़ी पहने एसपी अंकिता शर्मा ने AK-47 से हवाई फायर किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया।
वायरल वीडियो पर उठे सवाल
वीडियो सामने आने के बाद लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कुछ लोगों ने भारतीय परिधान में महिला पुलिस अधिकारी की मौजूदगी को नारी शक्ति और सशक्तिकरण के प्रतीक के रूप में सराहा। वहीं, दूसरी ओर हर्ष फायरिंग के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर सवाल उठाए गए।
मामले ने तूल पकड़ा तो पुलिस मुख्यालय ने भी इसे संज्ञान में लिया। मुख्यालय के निर्देश पर रेंज आईजी अजय यादव के माध्यम से एसपी अंकिता शर्मा से पूरे घटनाक्रम को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
आईजी अजय यादव मुख्यालय को भेजेंगे जवाब
इस मामले में आईजी अजय यादव ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर संबंधित मामले में जानकारी जुटाई जा रही है। एसपी अंकिता शर्मा से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के बाद उसे पुलिस मुख्यालय भेजा जाएगा।
फिलहाल, मामले में एसपी के स्पष्टीकरण और पुलिस मुख्यालय की आगे की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।





