1600 डिग्री तपते लोहे की चपेट में आया ठेकेदार, दर्दनाक मौत

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

दुर्ग।छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के बोरई-रसमड़ा स्थित जेडी स्टील प्लांट में एक दर्दनाक हादसे में ठेकेदार संतोष कुमार श्रीवास्तव (42) की जान चली गई। घटना 17 अक्टूबर की रात करीब 1 बजे की है। मशीन से निकला करीब 1500 से 1600 डिग्री सेल्सियस तापमान वाला पिघला लोहा उनके शरीर पर गिर गया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गए। हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

पुलिस के मुताबिक, मशीन के एक हिस्से का नोजल नीचे आ रहा था, तभी पिघला हुआ लोहा संतोष के ऊपर गिर गया। गंभीर रूप से झुलसने के बाद उन्हें भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल ले जाया गया। वहां उसी दिन दोपहर करीब 3:30 बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे में उनका शरीर बुरी तरह झुलस गया था।

मृतक संतोष कुमार श्रीवास्तव बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के रहने वाले थे। पोस्टमॉर्टम के बाद 18 अक्टूबर को उनका शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद परिवार के लोग अंतिम संस्कार के लिए शव बिहार ले गए।

इस हादसे के बाद प्लांट में सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। जिला पंचायत सदस्य प्रिया साहू ने दावा किया है कि कंपनी के एक दूसरे प्लांट में करीब दो साल पहले भी एक मजदूर की जलने से मौत हो गई थी। उन्होंने मौजूदा घटना को लेकर कंपनी प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

एएसपी शोभराज अग्रवाल के मुताबिक, अंजोरा चौकी में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत मर्ग दर्ज किया गया है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment