संजय कुमार मारपीट केस में CJP का प्रदर्शन

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

नई दिल्ली। दिल्ली में पिछले महीने हुए प्रदर्शन के दौरान नीशू आजाद के पिता संजय कुमार के साथ कथित मारपीट का मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। अब एक वीडियो सामने आने के बाद इस मामले को लेकर CJP ने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।

मामले में आरोपी बनाए गए स्वतंत्र भारद्वाज का एक पॉडकास्ट वीडियो सामने आया है। CJP का दावा है कि इस वीडियो में स्वतंत्र भारद्वाज ने कथित तौर पर संजय कुमार का सिर फोड़ने की बात स्वीकार की है। वीडियो सामने आने के बाद संगठन ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज कर दी है।

CJP का आरोप है कि मामले में FIR दर्ज हुए डेढ़ महीने से ज्यादा समय हो चुका है, लेकिन अभी तक आरोपी के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इसी मांग को लेकर शुक्रवार को CJP की ओर से पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन तक मार्च निकालने की बात कही गई है।

संगठन का कहना है कि वह नीशू आजाद और उनके पिता को न्याय दिलाने के लिए लगातार आवाज उठाता रहेगा।

राहुल गांधी समेत कई नेताओं से मांगी थी मदद

नीशू आजाद ने इस मामले को लेकर सोशल मीडिया के जरिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मदद की अपील की थी। राहुल गांधी ने उन्हें न्याय की लड़ाई में साथ देने की बात कही थी। वहीं चंद्रशेखर आजाद और अखिलेश यादव की ओर से भी समर्थन की बात सामने आई है।

दिल्ली पुलिस का क्या कहना है?

वहीं दिल्ली पुलिस ने मामले को लेकर अलग जानकारी दी है। पुलिस के मुताबिक झड़प के दौरान एक व्यक्ति के हाथ में पहने कड़े से संजय कुमार के सिर में चोट लगी थी। मेडिकल जांच में चोट को साधारण प्रकृति का बताया गया था। पुलिस के अनुसार, किसी हथियार से चोट लगने की पुष्टि नहीं हुई है।

अब स्वतंत्र भारद्वाज के कथित कबूलनामे वाला वीडियो सामने आने के बाद यह देखना अहम होगा कि दिल्ली पुलिस इस मामले में आगे क्या कार्रवाई करती है। इसी मांग को लेकर आज पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन के बाहर प्रदर्शन किया जा रहा है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment