कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का जलवा: एक ही दिन जीते 6 मेडल

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर।कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। ग्लासगो में चल रहे मुकाबलों में भारतीय खिलाड़ियों ने एक ही दिन 6 मेडल जीतकर देश का नाम रोशन किया। सबसे ज्यादा चर्चा जेवलिन थ्रो की रही, जहां स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा गोल्ड मेडल से चूक गए, लेकिन सिल्वर मेडल अपने नाम किया। वहीं भारत के यशवीर सिंह ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल जीता।

श्रीलंका के रुमेश पथिराजे ने 89.75 मीटर का थ्रो कर गोल्ड मेडल जीता। नीरज चोपड़ा ने 85.83 मीटर और यशवीर सिंह ने 85.41 मीटर का थ्रो किया।

जेवलिन के अलावा जूडो में भी भारत के लिए यह दिन बेहद खास रहा। अस्मिता डे ने जूडो में भारत को पहला गोल्ड दिलाया, जबकि करीब 15 मिनट बाद हर्ष सिंह ने दूसरा गोल्ड जीतकर खुशी दोगुनी कर दी। वहीं यामिनी मौर्य ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया।

एथलेटिक्स में तेजस्विन शंकर ने डेकाथलॉन में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। वह इस स्पर्धा में कॉमनवेल्थ गेम्स का मेडल जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए।

अब तक भारत की झोली में कुल 23 मेडल आ चुके हैं, जिनमें 5 गोल्ड, 12 सिल्वर और 6 ब्रॉन्ज शामिल हैं। वहीं बॉक्सिंग में भी भारत के सभी 10 मुक्केबाज फाइनल में पहुंच चुके हैं, जिससे गोल्ड मेडल की उम्मीद और मजबूत हो गई है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment