रायपुर। दिल्ली में राहुल गांधी के पीएम आवास घेराव को लेकर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भाजपा और कांग्रेस के बीच जोरदार टकराव देखने को मिला। भाजपा नेता कांग्रेस कार्यालय के घेराव के लिए निकले थे। इसी दौरान राजीव भवन के पास कांग्रेस कार्यकर्ता भी पहुंच गए, जिसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
हालात बिगड़ते देख पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और दो बार आंसू गैस के गोले छोड़े। कई जगह बैरिकेड लगाए गए थे, जिन्हें प्रदर्शनकारियों ने तोड़ने की कोशिश की। इस पूरे घटनाक्रम के चलते इलाके में लंबा जाम लग गया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं, डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि राहुल गांधी देश में अर्बन नक्सलवाद को बढ़ावा दे रहे हैं।


दूसरी ओर, कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने आरोप लगाया कि उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर पत्थर फेंके गए। उनका कहना है कि घेराव के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं पर नहीं, बल्कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर ही आंसू गैस के गोले छोड़े गए।





