रायपुर: करीब 6,000 करोड़ रुपये के चर्चित महादेव सट्टा ऐप और उससे जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने टीवी होस्ट शेफाली बग्गा से रायपुर स्थित अपने जोनल कार्यालय में लगभग छह घंटे तक पूछताछ की।
ईडी अधिकारियों के अनुसार, शेफाली बग्गा को मनी लॉन्ड्रिंग जांच के सिलसिले में तलब किया गया था। एजेंसी उनके वित्तीय लेन-देन, बेटिंग ऐप के कथित प्रचार-प्रसार और डिजिटल गतिविधियों से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।
सूत्रों के मुताबिक, जांच में शेफाली बग्गा के महादेव सट्टा ऐप से जुड़े बताए जा रहे खंजन जगदीश कुमार ठक्कर से कथित संबंधों की भी पड़ताल की जा रही है। ईडी का दावा है कि खंजन हवाला नेटवर्क के संचालन और बेटिंग कारोबार से जुड़े वित्तीय लेन-देन के प्रबंधन में अहम भूमिका निभाता था।
जांच के दौरान एजेंसी को कई डिजिटल साक्ष्य और प्रमोशनल पेज मिले हैं, जिनमें शेफाली बग्गा कथित रूप से ऐप का प्रचार करती दिखाई दे रही हैं। ईडी का यह भी कहना है कि कुछ ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर वह बेटिंग से जुड़े टिप्स साझा करती थीं। इन सभी डिजिटल सामग्रियों की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है।
इसके अलावा, ईडी शेफाली बग्गा के एक टेलीग्राम चैनल की भी जांच कर रही है, जहां कथित तौर पर ऑनलाइन बेटिंग से जुड़े प्रमोशनल कंटेंट और टिप्स साझा किए जाते थे। एजेंसी दुबई और लंदन से संचालित बताए जा रहे बेटिंग नेटवर्क के प्रचार-प्रसार में उनकी कथित भूमिका की भी जांच कर रही है।






