भिलाई स्टील प्लांट: मेंटेनेंस के दौरान करंट लगने से जूनियर इंजीनियर की दर्दनाक मौत

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

भिलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्थित भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) में रविवार को इलेक्ट्रिकल मेंटेनेंस के दौरान करंट लगने से एक कर्मचारी की मौत हो गई। इस दुखद हादसे की पुष्टि बीएसपी प्रबंधन ने की है। घटना की जानकारी मिलते ही संयंत्र के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की शुरुआती जांच शुरू कर दी गई।

यह हादसा यूनिवर्सल रेल मिल के हॉट सॉ-3, एबी बे स्थित क्रेन-407 के पास हुआ। मृतक की पहचान 36 वर्षीय विनोद कुमार के रूप में हुई है, जो संयंत्र में जूनियर इंजीनियरिंग असिस्टेंट (जेईए) के पद पर कार्यरत थे। रविवार को उनकी ड्यूटी बी शिफ्ट में थी। वे क्रेन के पास इलेक्ट्रिकल मेंटेनेंस का काम कर रहे थे, तभी अचानक हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आ गए।

घटना के बाद वहां मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। साथियों ने तुरंत इसकी सूचना प्रबंधन और अधिकारियों को दी। गंभीर रूप से झुलसे विनोद कुमार को तुरंत संयंत्र के मेन मेडिकल पोस्ट-1 ले जाया गया। शाम करीब 4:53 बजे उन्हें मेडिकल पोस्ट पहुंचाया गया, लेकिन जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

फिलहाल बीएसपी प्रबंधन यह पता लगाने में जुटा है कि मेंटेनेंस के दौरान आखिर यह हादसा कैसे हुआ और कर्मचारी करंट की चपेट में कैसे आए। वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में जांच जारी है। इसमें कार्यस्थल की सुरक्षा व्यवस्था, सुरक्षा नियमों का पालन और घटना से जुड़े सभी तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है। प्रबंधन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आएगी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment