जगदलपुर। वर्ष 2025 के लिए भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा जारी वार्षिक पुलिस थाना रैंकिंग में बोधघाट थाना को छत्तीसगढ़ का सर्वश्रेष्ठ पुलिस थाना घोषित किया गया है। यह बस्तर के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है, क्योंकि पहली बार बस्तर संभाग के किसी थाने को यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान मिला है।
हर साल गृह मंत्रालय देशभर के पुलिस थानों का अलग-अलग मानकों पर मूल्यांकन करता है। इसमें अपराध पर नियंत्रण, मामलों की जांच की गुणवत्ता, सामुदायिक पुलिसिंग, लोगों की भागीदारी, पुलिस की आधारभूत सुविधाएं, नवाचार, आम नागरिकों के प्रति व्यवहार, रिकॉर्ड संधारण और थाने के समग्र कामकाज जैसे पहलुओं को देखा जाता है। इन सभी मानकों पर बेहतर प्रदर्शन के चलते बोधघाट थाना को यह सम्मान मिला है।
सम्मान समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नाम से जारी प्रशस्ति-पत्र और सम्मान बस्तर के तत्कालीन पुलिस महानिरीक्षक पी. सुंदरराज तथा वर्तमान पुलिस महानिरीक्षक बद्रीनारायण मीना ने तत्कालीन थाना प्रभारी निरीक्षक लीलाधर राठौड़ और वर्तमान थाना प्रभारी निरीक्षक तामेश्वर चौहान को प्रदान किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक बस्तर शलभ कुमार सिन्हा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग, तत्कालीन नगर पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीमाल और वर्तमान नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे भी मौजूद रहे।
यह उपलब्धि बोधघाट थाना के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की वर्षों की मेहनत, अनुशासन और जनता के प्रति समर्पण का नतीजा है। पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में थाना ने अपराध नियंत्रण, बेहतर कानून-व्यवस्था, सामुदायिक पुलिसिंग, जनता का विश्वास मजबूत करने और नवाचार आधारित पुलिसिंग के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम किए, जिन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया।
बस्तर पुलिस ने इस सम्मान को अपने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास, समर्पण और बेहतर कार्य संस्कृति का परिणाम बताया है। साथ ही कहा कि यह सम्मान भविष्य में भी आम लोगों को बेहतर, जिम्मेदार और नागरिक-केंद्रित पुलिस सेवा देने के लिए पूरे पुलिस बल को प्रेरित करता रहेगा।





