नकटी के बाद अब कोलियारी में बवाल, बेदखली नोटिस पर भड़के ग्रामीण

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

धमतरी। रायपुर के नकटी गांव के बाद अब धमतरी के कोलियारी गांव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर मंगलवार को माहौल गरमा गया। 50 से ज्यादा मकानों को खाली कराने के लिए राजस्व विभाग ने अल्टीमेटम दिया, जिसके बाद ग्रामीणों और राजस्व टीम के बीच जमकर बहस और नोकझोंक हुई। कुछ देर के लिए माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया।

ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन की कार्रवाई गलत है। उनका कहना है कि एक निजी संस्थान को जमीन देने के लिए राजस्व विभाग दबाव बनाकर लोगों को उनके घरों से हटाने की कोशिश कर रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि धमतरी में भी रायपुर के नकटी गांव जैसी स्थिति बनाने की कोशिश की जा रही है।

वहीं राजस्व विभाग का कहना है कि संबंधित जमीन पर 50 से ज्यादा मकान अवैध रूप से बनाए गए हैं। नियमों के तहत अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया चल रही है और इसी के तहत लोगों को मकान खाली करने का नोटिस और अल्टीमेटम दिया गया है।

नोटिस मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और कार्रवाई का विरोध करने लगे। इस दौरान अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच तीखी बहस भी हुई।

राजस्व अधिकारियों ने साफ कहा है कि संबंधित लोगों को जल्द से जल्द अतिक्रमित जमीन खाली करनी होगी। वहीं ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगों को नहीं सुना गया तो वे आंदोलन करेंगे। फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल है और प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment