हल्दिया रिफाइनरी में सुबह-सुबह धमाका, आग में 15 लोग झुलसे

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रिफाइनरी में अचानक हुए धमाके से पश्चिम बंगाल के हल्दिया में हड़कंप मच गया। मंगलवार तड़के लगी आग में 15 लोग झुलस गए, जबकि पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। तेज धमाके की आवाज सुनते ही लोग घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित जगहों की ओर भागने लगे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह-सुबह जोरदार धमाका हुआ और कुछ ही मिनटों में आग तेजी से फैलने लगी। हालात ऐसे हो गए कि आसपास के कई इलाकों में दहशत फैल गई और लोग घर छोड़कर बाहर निकलने लगे।

मौके पर पहुंची दमकल और रेस्क्यू टीम ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे में झुलसे 15 लोगों में से 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें तमलुक मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पाइपलाइन से नैप्था गैस लीक होने की वजह से विस्फोट हुआ, जिसके बाद भीषण आग लग गई। हालांकि, गैस रिसाव की असली वजह अभी साफ नहीं हो पाई है और जांच जारी है।

रिफाइनरी प्रबंधन ने घटना की जांच शुरू कर दी है। सुरक्षा के मद्देनजर हल्दिया से हावड़ा जाने वाली यात्री ट्रेन को कुछ समय के लिए रोक दिया गया था। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है और स्थिति सामान्य बताई जा रही है। अभी तक किसी के मौत की पुष्टि नहीं हुई है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment