NEET पेपर लीक पर जंतर-मंतर में उबाल: शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग, CJP का बड़ा प्रदर्शन

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

NEET पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था को लेकर छात्रों और युवाओं के बीच बढ़ते आक्रोश के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर दूसरा बड़ा प्रदर्शन किया। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने साफ कहा कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

प्रदर्शन के दौरान अभिजीत दीपके गांधी और अंबेडकर की तस्वीर लेकर मंच पर पहुंचे। बड़ी संख्या में मौजूद प्रदर्शनकारियों ने थालियां बजाकर सरकार के खिलाफ विरोध जताया और “गो-प्रधान-गो” के नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि NEET परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ियों और पेपर लीक के मामलों ने लाखों छात्रों के भविष्य को संकट में डाल दिया है।

अभिजीत दीपके ने मंच से कहा कि यदि कोरोना काल में थाली बजाने को जनजागरण का माध्यम बनाया जा सकता है, तो शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही तय करने के लिए भी इसी प्रतीकात्मक विरोध का इस्तेमाल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को जवाब देना होगा।

हालांकि दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन को निर्धारित समय से आगे बढ़ाने की अनुमति नहीं दी है। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन स्थल पर पहुंचकर आयोजकों और प्रदर्शनकारियों को समय सीमा समाप्त होने की जानकारी दी और स्थल खाली करने के निर्देश दिए। पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन की अनुमति केवल शनिवार शाम तक के लिए दी गई थी।

इसके बावजूद प्रदर्शनकारी डटे हुए हैं और आंदोलन जारी रखने की बात कह रहे हैं। जंतर-मंतर पर बढ़ती भीड़ और पुलिस की मौजूदगी के बीच स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment