विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के राजीव स्मृति वन में ‘एक पेड़ माँ के नाम 2026’ महाअभियान का भव्य शुभारंभ किया। कार्यक्रम में वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पद्मश्री सम्मानित हस्तियां और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जलवायु परिवर्तन आज पूरी दुनिया के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। इससे निपटने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपनी मां के नाम पर एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी लेने की अपील की।

कार्यक्रम में वन विभाग द्वारा जलवायु परिवर्तन, जैव विविधता संरक्षण, जल संरक्षण और आधुनिक वन प्रबंधन पर आधारित विशेष डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गई। साथ ही विशेषज्ञों ने पर्यावरण संरक्षण और वन संवर्धन पर अपने विचार साझा किए।
वन मंत्री केदार कश्यप ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से शुरू हुआ यह अभियान छत्तीसगढ़ में जनआंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 में 2.75 करोड़ पौधारोपण के लक्ष्य के मुकाबले 3.72 करोड़ और वर्ष 2025 में 1.65 करोड़ के लक्ष्य के विरुद्ध 3.27 करोड़ से अधिक पौधे लगाए गए। इस बार भी प्रदेश लक्ष्य से अधिक वृक्षारोपण कर नया रिकॉर्ड बनाएगा।

मुख्यमंत्री ने ‘पीपल फॉर पीपल’ अभियान का भी उल्लेख करते हुए कहा कि नवा रायपुर में बड़े पैमाने पर पीपल के पौधे लगाए जा रहे हैं, जिससे पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा मिलेगी।
कार्यक्रम में आदिवासी संस्कृति, छत्तीसगढ़ पर्यटन और वन जैव विविधता से जुड़ी पुस्तकों का लोकार्पण भी किया गया। इस अवसर पर पद्मश्री सम्मानित विभूतियों सहित 500 से अधिक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।






