बलौदा बाजार। जिले के खनन प्रभावित गांवों के विकास और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला खनिज संस्थान न्यास (DMF) की शासी परिषद की महत्वपूर्ण बैठक सांसद बृजमोहन अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिले के समग्र विकास को लेकर कई बड़े फैसले लिए गए। सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विकास कार्यों का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और जिले के हर गांव को मूलभूत सुविधाओं से संतृप्त करने की दिशा में काम किया जाए।
बैठक में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि DMF की राशि का उपयोग पूरी पारदर्शिता के साथ खनन प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल, सिंचाई, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को जमीनी जरूरतों के आधार पर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
पेयजल समस्या के स्थायी समाधान पर जोर
सांसद ने कहा कि जिन गांवों में पेयजल की समस्या है, वहां 10-10 गांवों का क्लस्टर बनाकर स्थायी समाधान की योजना तैयार की जाए। जल जीवन मिशन में जहां कमी रह गई है, वहां DMF के माध्यम से कार्य कर लोगों को राहत पहुंचाई जाएगी।

स्कूलों में कंक्रीट नहीं, हरियाली से बनेगी बाउंड्री
बढ़ती गर्मी और जलवायु परिवर्तन पर चिंता जताते हुए सांसद ने वाटर हार्वेस्टिंग और वाटर रिचार्जिंग को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने सुझाव दिया कि स्कूलों और कॉलेजों में महंगी कंक्रीट की बाउंड्रीवॉल बनाने के बजाय कम लागत में सघन वृक्षारोपण कर ग्रीन बाउंड्रीवॉल तैयार की जाए, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ जल स्तर सुधारने में भी मदद मिलेगी।
वर्षों से लंबित काम होंगे निरस्त
सांसद ने स्पष्ट निर्देश दिए कि वर्ष 2017 से स्वीकृत लेकिन अब तक शुरू नहीं हो पाए विकास कार्यों को तत्काल निरस्त किया जाए। ऐसी परियोजनाओं की राशि को जनहित के नए कार्यों में उपयोग किया जाए। साथ ही अधूरे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।

शिक्षा और स्वास्थ्य में बढ़ेगा मानव संसाधन
बैठक में प्रस्तुत कार्ययोजना के अनुसार जिले के 283 स्कूलों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ 453 नए पदों का सृजन DMF मद से किया जाएगा। इस पर प्रतिवर्ष करीब 2.5 करोड़ रुपये खर्च होंगे। साथ ही सभी स्कूलों में प्रार्थना शेड का निर्माण भी कराया जाएगा।
स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए जिले के PHC और CHC में लैब टेक्नीशियन सहित विभिन्न विशेषज्ञों के लगभग 100 पदों का प्रावधान किया गया है। इसके लिए 3 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है।

कुपोषण, दिव्यांगजन और रोजगार पर भी फोकस
जिले के करीब 9,500 कुपोषित बच्चों के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। स्व-सहायता समूहों के माध्यम से बेहतर पोषण आहार और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। अगले दो वर्षों में सभी आंगनबाड़ी केंद्रों के पक्के भवन बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
दिव्यांगजनों के लिए विशेष प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किया जाएगा, जहां उन्हें कौशल प्रशिक्षण देने के साथ उनके उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।
वहीं लाइवलीहुड कॉलेज के माध्यम से युवाओं को सीमेंट उद्योग और खनन क्षेत्र की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ने की योजना बनाई गई है।

562 गांवों का सर्वे पूरा, पीएम सूर्यघर योजना को भी मिलेगी गति
जिला प्रशासन ने जानकारी दी कि जिले के सभी 562 गांवों में बेसलाइन सर्वे और आवश्यकताओं की पहचान का काम पूरा हो चुका है। सड़कों और पुलों की जरूरतों को चिन्हित कर लिया गया है। इसके अलावा पीएम सूर्यघर योजना के लिए साढ़े चार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिसे क्रेडा के माध्यम से लागू किया जाएगा।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने अधिकारियों से कहा कि वे स्वयं गांवों में जाकर लोगों की जरूरतों का आकलन करें और उसी आधार पर विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार करें।
विश्व पर्यावरण दिवस पर किया पौधारोपण
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बलौदा बाजार के शासकीय दाऊ कल्याण कला एवं वाणिज्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में भी सांसद बृजमोहन अग्रवाल शामिल हुए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधा लगाया और लोगों से पौधे लगाने के साथ उनकी देखभाल करने का भी संकल्प लेने की अपील की।
उन्होंने कहा कि केवल पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे पेड़ बनने तक संरक्षित और पोषित करना ही वास्तविक पर्यावरण सेवा है।






