छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में मौसम का बिगड़ा हुआ मिजाज तीन परिवारों पर भारी पड़ गया। पाली थाना क्षेत्र के चोरका दांड गांव में शनिवार शाम तेज आंधी और बारिश के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। आंधी-तूफान से बचने के लिए तीन किशोर एक पेड़ के नीचे खड़े हुए, लेकिन वही पेड़ उनकी मौत का कारण बन गया। पेड़ की एक बड़ी डाल अचानक टूटकर उनके ऊपर गिर गई, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए थे और जिले के कई इलाकों में रुक-रुक कर तेज हवा और बारिश हो रही थी। शाम करीब 5 बजे पाली इलाके में मौसम अचानक काफी खराब हो गया और तेज आंधी चलने लगी।
इसी दौरान चोरका दांड गांव के रहने वाले तीन दोस्त शिवराम टेकाम (14), कमलेश बड़ा (18) और दिनेश तिर्की (17) कहीं से घर लौट रहे थे। बारिश और तेज हवा से बचने के लिए तीनों रास्ते में एक बड़े पेड़ के नीचे रुक गए।
अभी वे वहीं खड़े ही थे कि अचानक तेज हवा के झोंके से पेड़ की भारी डाल टूटकर सीधे उनके ऊपर गिर गई। डाल का वजन इतना ज्यादा था कि तीनों नीचे दब गए।
आसपास मौजूद लोगों ने चीख-पुकार सुनकर तुरंत मौके पर पहुंचकर उन्हें बाहर निकालने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने तीनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
एक ही गांव के तीन युवकों की इस तरह अचानक हुई मौत से पूरे इलाके में मातम छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलने पर पाली थाना प्रभारी नागेश तिवारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है और परिजनों व चश्मदीदों के बयान लिए जा रहे हैं।







