रिश्तों की डोर जब जमीन के टुकड़ों में उलझती है, तो अंजाम कितना खौफनाक हो सकता है इसका दर्दनाक उदाहरण बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के सिधमा गांव में सामने आया। यहां जमीन बंटवारे के विवाद ने एक परिवार को ऐसी दरार दी कि अपनों ने ही एक बुजुर्ग महिला की जान ले ली।
घटना बरियो पुलिस चौकी क्षेत्र की है। 15 अप्रैल की शाम, घर के आंगन में एक मामूली सा विवाद अचानक हिंसा में बदल गया। उस वक्त परिवार के कुछ सदस्य खेत में काम कर रहे थे, जबकि वृद्धा राजी बाई अपनी नातिन पायल के साथ घर पर थीं।
इसी दौरान नातिन घबराई हुई दौड़ती आई और बताया कि दादी के साथ मारपीट हो रही है। यह सुनते ही परिजन भागते हुए घर पहुंचे, लेकिन तब तक हालात बेकाबू हो चुके थे। आरोप है कि जमीन के हिस्से को लेकर रिश्तेदारों ने मिलकर वृद्धा के साथ बेरहमी से मारपीट की और मौके से फरार हो गए।
घायल हालत में राजी बाई को संभालने की कोशिश की गई, लेकिन अगले दिन उनकी तबीयत बिगड़ गई। जब परिवार के लोग एक पारिवारिक कार्यक्रम से लौटे, तब तक बहुत देर हो चुकी थी वृद्धा दम तोड़ चुकी थीं।
इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। एक तरफ परिवार में शोक की लहर है, तो दूसरी ओर सवाल भी क्या जमीन का एक हिस्सा रिश्तों से ज्यादा कीमती हो गया है?
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की और साक्ष्यों के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया। इसके बाद तेजी से कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। सभी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।







