ओडिशा के कटक से सोमवार तड़के एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां स्थित SCB Medical College and Hospital के ट्रॉमा केयर विभाग के आईसीयू में अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे में अब तक 10 मरीजों की मौत हो चुकी है, जबकि बचाव कार्य के दौरान 11 अस्पताल कर्मचारी भी झुलस गए।
अधिकारियों के मुताबिक, आग तड़के करीब 2:30 से 3:00 बजे के बीच लगी। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। आईसीयू में भर्ती अधिकांश मरीजों की हालत पहले से ही गंभीर थी, ऐसे में आग लगते ही वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
ICU से शुरू हुई आग, तेजी से फैली
जानकारी के अनुसार, आग ट्रॉमा केयर विभाग के आईसीयू से भड़की और कुछ ही देर में पास के अन्य वार्डों तक फैल गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
मरीजों को बचाने में झुलसे कर्मचारी
घटना के दौरान अस्पताल के स्टाफ ने मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश की। इसी दौरान 11 कर्मचारी आग की चपेट में आकर झुलस गए। अधिकारियों ने बताया कि कुल 23 मरीजों को तुरंत दूसरे वार्डों और विभागों में शिफ्ट किया गया।
शिफ्टिंग के दौरान गई कई मरीजों की जान
राज्य के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी और स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सात मरीजों की मौत शिफ्टिंग के दौरान ही हो गई, जबकि तीन अन्य मरीजों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतकों के परिजनों को 25 लाख की मदद
मुख्यमंत्री ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक जताया और अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए। राज्य सरकार ने हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक मरीज के परिवार को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है।
फिलहाल अस्पताल में स्थिति को सामान्य करने की कोशिश जारी है और पूरे मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं।







