नवा रायपुर। छत्तीसगढ़ को अपना पहला अंतरिक्ष केंद्र मिल गया है। नवा रायपुर में स्थापित इस केंद्र का उद्घाटन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया। इस अवसर पर गगनयान मिशन के नायक अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान शुभांशु शुक्ला ने छात्रों से सीधा संवाद किया और उन्हें अंतरिक्ष विज्ञान, स्पेस रिसर्च और भविष्य की संभावनाओं की जानकारी दी। यह अंतरिक्ष केंद्र राज्य के छात्रों और युवाओं को तकनीक, नवाचार और सिम्युलेशन से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
बृजमोहन अग्रवाल के प्रयासों से साकार हुआ छत्तीसगढ़ का पहला अंतरिक्ष केंद्र !
सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने इस अवसर को प्रदेश के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह केंद्र छत्तीसगढ़ के युवाओं के सपनों को नया आकाश देगा और राज्य को स्पेस टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगा। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच और विज्ञान-नवाचार को बढ़ावा देने वाली नीतियों का परिणाम बताया।
उल्लेखनीय है कि अगस्त 2025 में श्रीहरिकोटा भ्रमण के बाद सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने रायपुर में स्पेस लैब की मांग की थी। इसके बाद 18 नवंबर 2025 को अंतरिक्ष विभाग ने रायपुर में सिम्युलेटर सहित अंतरिक्ष प्रयोगशाला की स्वीकृति दी थी, जो अब धरातल पर उतर चुकी है।



