उत्तर भारत में ठंड का तांडव: घना कोहरा, शीतलहर और प्रदूषण ने बढ़ाई मुश्किलें

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

उत्तर भारत में भीषण ठंड और घने कोहरे ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत कई राज्यों में तापमान तेजी से गिरा है। कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया, जबकि शीतलहर और कोहरे के चलते सड़क, रेल और हवाई यातायात पर भी असर पड़ा है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार को न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं उत्तर प्रदेश, बिहार और उत्तराखंड के कई हिस्सों में शीतलहर चलने से ठिठुरन बढ़ गई है। पहाड़ी क्षेत्रों में हालात और भी कठोर हैं। लद्दाख के द्रास में तापमान शून्य से 14.2 डिग्री नीचे पहुंच गया, जबकि जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में पारा माइनस 2.2 डिग्री दर्ज किया गया।

कोहरे ने रोका यातायात, दृश्यता बेहद कम

पंजाब और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में सुबह के समय घने कोहरे के कारण दृश्यता 50 मीटर से भी कम रही। इसी वजह से हवाई सेवाएं भी प्रभावित हुईं। दिल्ली से पंतनगर जा रही इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई-7324 कम दृश्यता के कारण वहां लैंड नहीं कर सकी और उसे वापस दिल्ली लौटना पड़ा। विमान में 78 यात्री सवार थे, जबकि पंतनगर से दिल्ली आने वाले 76 यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

यूपी में स्कूल बंद, ठंड से राहत के उपाय

कड़ाके की ठंड को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने कक्षा 12वीं तक के सभी स्कूलों को 1 जनवरी तक बंद करने का फैसला लिया है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी शीतलहर और ठंडी हवाएं चलने की संभावना जताई है।

दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण गंभीर स्तर पर

ठंड और ठहरी हुई हवा के कारण दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण की स्थिति और बिगड़ गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, रविवार शाम चार बजे दिल्ली का 24 घंटे का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 390 दर्ज किया गया, जो गंभीर श्रेणी में आता है। राजधानी के 40 में से 19 निगरानी केंद्रों पर वायु गुणवत्ता गंभीर स्तर पर रही। आनंद विहार में AQI 444 के साथ सबसे खराब स्थिति दर्ज की गई। नोएडा, गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा में भी AQI 400 के पार रहा।

कहां कितना गिरा पारा

हरियाणा के हिसार में न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मैदानी इलाकों में सबसे कम रहा। पंजाब के फरीदकोट में पारा 3.4 डिग्री, हिमाचल प्रदेश के कल्पा में 0.6 डिग्री और उत्तर प्रदेश के मेरठ व मुजफ्फरनगर में 6.7 डिग्री दर्ज किया गया।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment