नई दिल्ली। रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध तीन साल से अधिक समय से जारी है। दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव के बीच रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने दक्षिणी रूस में एक अंतरराष्ट्रीय मंच को संबोधित करते हुए यूरोप में सैन्यीकरण के बढ़ते खतरे पर प्रतिक्रिया देने का भरोसा जताया।
रूस के राष्ट्रपति पुतिन का बयान
पुतिन ने कहा, “हम यूरोप के सैन्यीकरण पर कड़ी निगरानी रख रहे हैं। रूस कभी कमजोरी नहीं दिखाएगा और किसी भी चुनौती का जवाब देने में देर नहीं करेगा।” उन्होंने यूरोपीय सीमाओं पर बढ़ते तनाव और हाल के घटनाक्रमों का जिक्र करते हुए चेतावनी दी कि रूस की प्रतिक्रिया निर्णायक होगी।
ट्रंप पर पुतिन का कटाक्ष
पुतिन ने कहा कि रूस यूक्रेन में नाटो से लड़ रहा है। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के बयान का मजाक उड़ाया, जिसमें रूस को ‘कागजी शेर’ कहा गया था। पुतिन ने कहा, “अगर हम पूरे नाटो के खिलाफ खड़े हैं और आगे बढ़ रहे हैं, फिर हमें कागजी शेर कहना नाटो के लिए क्या संदेश है?”
भारत के साथ संबंधों पर भरोसा
पुतिन ने अमेरिका की ओर से भारत पर बनाए जा रहे दबाव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यदि भारत हमारी ऊर्जा आपूर्ति से इनकार करता है तो उसका नुकसान होगा। पुतिन ने भारत की जनता और सरकार पर भरोसा जताया और कहा कि प्रधानमंत्री मोदी किसी भी अपमानजनक कदम को सहन नहीं करेंगे।







