सारण जिले के पकड़ी डीह गांव में शनिवार की रात एक दर्दनाक वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। घर में सो रही दो बहनों पर अज्ञात अपराधियों ने हमला कर गला रेत दिया। इस हमले में बड़ी बहन रूबी कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छोटी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल को तत्काल पटना रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
रूबी कुमारी की शादी साल 2023 में हुई थी। उसका 11 महीने का मासूम बेटा भी है, जो घटना के समय मां के साथ सो रहा था। गनीमत यह रही कि बच्चा सुरक्षित है। घटना के समय रूबी का पति नौकरी के सिलसिले में घर से बाहर था, जबकि सास-ससुर भी घर के दालान में सो रहे थे।
बताया जा रहा है कि अपराधी घर के बगल से पेड़ पर चढ़कर छत तक पहुंचे और वहां से अंदर घुसकर इस वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण पारिवारिक रंजिश और अवैध प्रेम संबंध बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।
यह घटना न केवल एक परिवार को तबाह कर गई बल्कि समाज के सामने कई सवाल भी खड़े कर गई है कि आखिर ऐसे जघन्य अपराधों की जड़ में कौन-से कारण हैं और इन्हें रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाने चाहिए।







