“100 सीटों पर घोटाले की बात कह चुनाव आयोग पर बरसे संजय राउत, राहुल गांधी को मिला समर्थन”

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

नई दिल्ली।लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा चुनाव आयोग पर गड़बड़ी के आरोप लगाए जाने के बाद अब उन्हें विपक्षी दलों का समर्थन भी मिलने लगा है। शिवसेना (यूबीटी) के वरिष्ठ नेता और सांसद संजय राउत ने राहुल गांधी की बातों का समर्थन करते हुए चुनाव प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

संजय राउत बोले – 100 सीटों पर हुआ घोटाला

संजय राउत ने बयान दिया कि, “करीब 100 सीटों पर सुनियोजित धांधली की गई और चुनाव आयोग भी इस साजिश का हिस्सा था। अगर ऐसा न होता तो नरेंद्र मोदी दोबारा प्रधानमंत्री नहीं बनते। राहुल गांधी के पास इसके पूरे सबूत हैं।”
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने जो मुद्दा उठाया है, वह केवल एक आरोप नहीं, बल्कि चिंताजनक सच्चाई की ओर इशारा करता है।

राहुल गांधी का आरोप – वोट चोरी की हो रही साजिश

राहुल गांधी ने 23 जुलाई को कहा था कि देश में चुनावों की निष्पक्षता खत्म हो रही है और वोट चोरी की जा रही है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस ने कर्नाटक की एक लोकसभा सीट का छह महीने तक विश्लेषण किया और वोटर लिस्ट में व्यापक गड़बड़ी का पता लगाया। उन्होंने कहा, “हमने डेटा को डिजिटल फॉर्म में कन्वर्ट कर पूरा सिस्टम समझ लिया है – कैसे फर्जी वोट बनाए जाते हैं और असली वोट हटाए जाते हैं।”

सबूत जनता के सामने लाने की बात

राहुल गांधी ने कहा है कि हमारे पास अब पुख्ता कागजी सबूत मौजूद हैं, जिसे जल्द ही हम जनता और चुनाव आयोग के समक्ष पेश करेंगे। उन्होंने यह भी दावा किया कि महाराष्ट्र में विधानसभा चुनावों के बाद अब बिहार में भी इसी तरह की रणनीति अपनाई जा रही है।

चुनाव आयोग की प्रतिक्रिया – निराधार बयान

राहुल गांधी के आरोपों पर चुनाव आयोग ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। आयोग ने कहा कि, “ऐसे निराधार और गैर-जिम्मेदाराना आरोपों पर ध्यान न दिया जाए। सभी चुनाव अधिकारी निष्पक्षता से अपना काम करें। आयोग ने इसे राजनीतिक बयानबाजी करार दिया और कहा कि इन आरोपों का कोई ठोस आधार नहीं है।”

इस मुद्दे ने देश में एक बार फिर से चुनावों की पारदर्शिता और लोकतंत्र की मजबूती को लेकर बहस को तेज कर दिया है। विपक्ष जहां सवाल उठा रहा है, वहीं चुनाव आयोग निष्पक्षता की बात कर रहा है। आने वाले समय में यह मामला और अधिक गरमाने की संभावना है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment