नीरज चोपड़ा की पेरिस डायमंड लीग में जोरदार वापसी, वेबर और एंडरसन से होगी कड़ी टक्कर

admin
3 Min Read

भारतीय स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा इस सीजन के पहले बड़े खिताब की तलाश में शुक्रवार को पेरिस डायमंड लीग में मैदान में उतरने जा रहे हैं। इस मुकाबले में नीरज की टक्कर जर्मनी के जूलियन वेबर और ग्रेनाडा के दो बार के विश्व चैंपियन एंडरसन पीटर्स से होगी। नीरज चोपड़ा इस लीग में आठ साल बाद हिस्सा ले रहे हैं और वे पिछली हार का हिसाब चुकता करने के इरादे से उतरेंगे।

दोहा और पोलैंड में वेबर से मिली थी शिकस्त

16 मई को दोहा डायमंड लीग में वेबर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नीरज को हराया था। उस मुकाबले में नीरज ने 90.23 मीटर का थ्रो फेंका, लेकिन वेबर ने आखिरी प्रयास में 91.06 मीटर का भाला फेंककर जीत अपने नाम कर ली। इसके बाद पोलैंड में जानुज कुसोसिंकी मेमोरियल प्रतियोगिता में भी वेबर ने 86.12 मीटर के थ्रो के साथ नीरज (84.14 मीटर) को पीछे छोड़ दिया था।

पुरानी हार का बदला लेने को तैयार नीरज

नीरज चोपड़ा इस बार पेरिस में पूरी तैयारी के साथ उतरेंगे। वे इस डायमंड लीग में पिछली दोनों हार का बदला लेना चाहेंगे। नीरज पिछली बार 2017 में पेरिस डायमंड लीग में जूनियर वर्ल्ड चैंपियन के रूप में खेलते हुए पांचवें स्थान पर रहे थे। पिछले साल नीरज ने पेरिस डायमंड लीग में हिस्सा नहीं लिया था क्योंकि वे ओलंपिक की तैयारी में जुटे थे। 2024 पेरिस ओलंपिक में उन्होंने 89.45 मीटर का थ्रो फेंककर रजत पदक जीता था।

इन दिग्गज खिलाड़ियों से भी होगी भिड़ंत

पेरिस डायमंड लीग में नीरज, वेबर और पीटर्स के अलावा, कीनिया के पूर्व विश्व चैंपियन जूलियस येगो, त्रिनिदाद और टोबैगो के ओलंपिक विजेता केशोर्न वालकॉट, ब्राजील के लुईज मौरिशियो डा सिल्वा, मोलडोवा के एड्रियन मारडारे और फ्रांस के रेमी रूजेटे भी हिस्सा लेंगे। खास बात यह है कि पांच खिलाड़ी पहले ही 90 मीटर के आंकड़े को पार कर चुके हैं, जिससे मुकाबला बेहद रोमांचक होने वाला है।

आगे की नीरज की तैयारियां

पेरिस डायमंड लीग के बाद नीरज चोपड़ा 24 जून को चेक गणराज्य के ओस्ट्रावा में गोल्डन स्पाइक एथलेटिक्स मीट में हिस्सा लेंगे। इसके बाद वे 5 जुलाई को भारत में ‘नीरज चोपड़ा क्लासिक’ में भी खेलते नजर आएंगे।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment